Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसा हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर सबको चौंका दिया है. वीडियो में एक शख्स के शरीर पर लाखों मधुमक्खियां बैठी हैं ना कोई डर, ना कोई हलचल, और हैरानी की बात ये है कि एक भी मधुमक्खी ने डंक नहीं मारा.
कौन है ये 'मधुमक्खी प्रेमी'?
बुलंदशहर जिले के स्याना तहसील के रहने वाले राजेन्द्र अब सोशल मीडिया पर "Bee Lover" यानी "मधुमक्खी प्रेमी" के नाम से मशहूर हो गए हैं. उनका कहना है कि बरसात के मौसम में जब मधुमक्खियों को खाने के लिए फूल-पत्तियां नहीं मिलतीं, तब वे उनके लिए खाना जुटाते हैं. शायद यही वजह है कि मधुमक्खियां उन्हें अपना साथी मानती हैं और कोई हानि नहीं पहुंचातीं.
वीडियो ने मचाया तहलका, लोग हुए हैरान
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में राजेन्द्र के शरीर से लेकर सिर तक मधुमक्खियां पूरी तरह चिपकी हुई हैं, फिर भी वह आराम से खड़े रहते हैं. लोग इस वीडियो को देख बार-बार हैरानी जता रहे हैं कि बिना एक भी डंक के इतनी बड़ी तादाद में मधुमक्खियों का यूं किसी इंसान के साथ रहना किसी चमत्कार से कम नहीं. राजेन्द्र का कहना है, "मैं इन मधुमक्खियों को बरसात में खाना देता हूं, पानी की व्यवस्था करता हूं. ये मुझे पहचानती हैं और कभी नुकसान नहीं पहुंचातीं. हमारे बीच एक रिश्ता बन गया है."
#Bulandshahr-मधुमक्खी प्रेमी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल,वीडियो में युवक के ऊपर लाखों मधुमक्खी चिपकी नजर आ रही है लेकिन नहीं पहुंचा रही कोई नुकसान,वीडियो बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र का हैं,@dmbulandshahr pic.twitter.com/bA6OJzdoLx
— Vishu Raghav ( Tv journalist ) (@Vishuraghav9) September 12, 2025
दर्शनीय स्थल बन गया है खेत
अब राजेन्द्र के खेतों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है. पास के गांवों से लेकर दूसरे ज़िलों से लोग उन्हें देखने आ रहे हैं. सभी यह दृश्य देख दंग रह जाते हैं, क्योंकि आमतौर पर मधुमक्खी के डंक से सूजन, जलन और एलर्जी हो जाती है. लेकिन राजेन्द्र पर न कोई एलर्जी, न कोई डर. बस मधुमक्खियों के साथ एक अनोखा रिश्ता.
प्रकृति से तालमेल की मिसाल
राजेन्द्र और मधुमक्खियों की यह अनोखी दोस्ती इस बात का उदाहरण है कि जब इंसान और प्रकृति एक-दूसरे का सम्मान करें, तो साथ रहना मुमकिन है. जहां अधिकतर लोग मधुमक्खी से दूर भागते हैं, वहीं राजेन्द्र ने उन्हें अपने जीवन का हिस्सा बना लिया है.
ये भी पढ़ें: नेपाल में Gen-Z प्रदर्शनकारियों ने होटल फूंका, यूपी की एक महिला की मौत, बेटे ने सुनाई भयानक कहानी