BRICS Summit: दिल्ली में स्कूल-दफ्तर बंद, 22 जगह डायवर्जन; निकलने से पहले पढ़ें पूरा रूट और एडवाइजरी

दिल्ली 12 और 13 सितंबर को BRICS समिट की मेजबानी करने जा रही है. शुक्रवार से शुरू होने वाले इस सम्मेलन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई जगह ट्रैफिक में बदलाव किया गया है.

BRICS Summit Schools and offices closed in Delhi traffic diverted advisory
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

BRICS Summit: दिल्ली 12 और 13 सितंबर को BRICS समिट की मेजबानी करने जा रही है. शुक्रवार से शुरू होने वाले इस सम्मेलन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई जगह ट्रैफिक में बदलाव किया गया है. विदेशी मेहमानों और VVIP की आवाजाही को देखते हुए 11 से 13 सितंबर तक कई रास्तों पर डायवर्जन रहेगा. स्कूल और कुछ सरकारी दफ्तर भी बंद रहेंगे. ऐसे में दिल्ली आने-जाने वालों को यात्रा से पहले रूट की जानकारी जरूर लेनी चाहिए.

11 सितंबर को स्कूल और कॉलेज बंद

BRICS समिट को देखते हुए दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 11 सितंबर को बंद रहेंगे. शिक्षा निदेशालय ने 5 सितंबर को जारी आदेश में इसकी जानकारी दी थी. दिल्ली सरकार के अधिकार क्षेत्र वाले संबंधित दफ्तरों में भी इस दौरान छुट्टी रहेगी.

कौन से ऑफिस बंद रहेंगे?

प्राइवेट ऑफिस को लेकर कोई सामान्य बंदी का आदेश नहीं है. हालांकि, केंद्र और दिल्ली सरकार के दफ्तर, ऑटोनॉमस बॉडी और PSU बंद रहेंगे. सुप्रीम कोर्ट की एडमिनिस्ट्रेटिव जनरल ब्रांच ने भी 11 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट और रजिस्ट्री में छुट्टी घोषित की है. रजिस्ट्री 12 सितंबर को भी बंद रहेगी.

11 सितंबर को बैंक खुले रहेंगे

सरकारी दफ्तरों के बंद रहने के बावजूद 11 सितंबर को नई दिल्ली में बैंक खुले रहेंगे. RBI की छुट्टियों की सूची में इस दिन दिल्ली के लिए बैंक हॉलिडे नहीं है. हालांकि, VVIP मूवमेंट और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण बैंक जाने वाले लोगों को रास्ते में परेशानी हो सकती है.

दिल्ली में 22 जगह ट्रैफिक डायवर्जन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 11 से 13 सितंबर तक राजधानी में कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. इसके लिए सेंट्रल दिल्ली में एक कंट्रोल्ड एरिया बनाया गया है और 22 डायवर्जन पॉइंट तय किए गए हैं.

इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, गुरु नानक चौक, KG मार्ग, जनपथ, पटेल चौक, RML अस्पताल, वंदे मातरम मार्ग, धौला कुआं और मोती बाग फ्लाईओवर जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं.

इसके अलावा ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, मदरसा टी-पॉइंट, लोधी रोड, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर, DPS मथुरा रोड के सामने U-टर्न, रिंग रोड, भैरों रोड और मंडी हाउस पर भी ट्रैफिक व्यवस्था बदली जाएगी.

ट्रैफिक पुलिस ने हर डायवर्जन पॉइंट पर बंद रहने वाले रास्तों के साथ वैकल्पिक रूट भी बताए हैं. उदाहरण के तौर पर डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक से मथुरा रोड और तिलक मार्ग की ओर जाने वाले ट्रैफिक को रोका जाएगा. ऐसे में वाहन चालक बहादुर शाह जफर मार्ग, IP मार्ग और सिकंदरा रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं.

पटेल चौक पर विंडसर प्लेस और RBI की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर भी रोक रहेगी. लोगों को दूसरे रास्तों से जाने की सलाह दी गई है.

एयरपोर्ट जाने वालों के लिए खास रूट

दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए भी अलग रूट प्लान जारी किया गया है. गुरुग्राम से T3, T4 और T2 जाने वाले यात्रियों को NH-48, राव गजराज सिंह मार्ग, पुरानी दिल्ली-गुरुग्राम रोड और UER-II के रास्ते जाने की सलाह दी गई है.

T1 जाने वालों के लिए NH-48, महिपालपुर फ्लाईओवर और T-3 रोड/NH-48 से जुड़े रास्ते सुझाए गए हैं. द्वारका से एयरपोर्ट जाने वाले यात्री सेक्टर-22 द्वारका रोड और UER-II का इस्तेमाल कर सकते हैं.

नई दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली से एयरपोर्ट जाने वालों के लिए एम्स चौक, रिंग रोड, मोती बाग चौक, RTR मार्ग, शंकर विहार फ्लाईओवर और महिपालपुर फ्लाईओवर जैसे रूट बताए गए हैं. पश्चिम, उत्तर और पूर्वी दिल्ली से आने वालों के लिए भी अलग रूट तय किए गए हैं.

ट्रैफिक पाबंदियों को देखते हुए यात्रियों को एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.

फ्लाइट्स को लेकर भी विशेष नियम

BRICS समिट के कारण 11 सितंबर 2026 की रात 1:30 बजे से 13 सितंबर शाम 5:30 बजे तक विशेष सुरक्षा नियम लागू रहेंगे. इस दौरान दिल्ली के IGI एयरपोर्ट और दिल्ली से 300 किलोमीटर के दायरे में आने वाले दूसरे एयरपोर्ट पर उड़ानों के टेक-ऑफ और लैंडिंग को लेकर पाबंदियां रहेंगी.

नियमों के तहत सामान्य शेड्यूल वाली एयरलाइन फ्लाइट्स, BRICS मेहमानों की विशेष फ्लाइट्स, IAF, BSF और Aviation Research Centre की उड़ानों को अनुमति रहेगी. इमरजेंसी या मेडिकल इवैक्युएशन के लिए सेना के हेलिकॉप्टर और राज्य सरकार के वे विमान भी उड़ान भर सकेंगे, जिनमें राज्यपाल या मुख्यमंत्री सवार हों.

नियमित उड़ानों और ओवरफ्लाइट्स के लिए भी ऊंचाई से जुड़े नियम लागू रहेंगे. सफदरजंग एयरपोर्ट भी बंद रहेगा, हालांकि इमरजेंसी या VIP ड्यूटी वाले कुछ हेलिकॉप्टरों को अनुमति होगी. रोहिणी हेलीपैड पूरी तरह बंद रहेगा.

इन नियमों में शामिल नहीं होने वाली किसी भी दूसरी फ्लाइट के लिए गृह मंत्रालय से पहले सुरक्षा मंजूरी लेनी होगी.

ट्रैफिक की जानकारी कहां मिलेगी?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से BRICS समिट के दौरान अपनी आधिकारिक एडवाइजरी और सोशल मीडिया अपडेट देखते रहने की अपील की है. किसी भी मदद के लिए ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन 1095 पर संपर्क किया जा सकता है.

ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी और शिकायत के लिए WhatsApp नंबर 8750871493 पर भी संपर्क किया जा सकता है.