Kal Ka Mausam 13 September: देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है और 13 सितंबर को भी कई राज्यों में मौसम बदला हुआ नजर आएगा. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है. पश्चिमी और मध्य भारत के कुछ इलाकों में तेज बारिश का असर देखने को मिलेगा. वहीं गुजरात में रविवार को बहुत तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर रहेगा जारी
उत्तर प्रदेश में 13 सितंबर को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. फिलहाल राज्य में बहुत भारी बारिश को लेकर कोई बड़ी चेतावनी नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
बिहार में 15 सितंबर तक बारिश के आसार
बिहार में रविवार को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. IMD के मुताबिक 13 से 15 सितंबर के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है. 13 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, हालांकि कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ सकती हैं. इसके बाद 16 से 18 सितंबर के बीच बारिश का दायरा बढ़ने और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने के आसार हैं.
दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश संभव
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13 सितंबर को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री कम रह सकता है. इससे पहले 12 सितंबर को भी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई थी.
हिमाचल में बारिश और गरज-चमक के आसार
हिमाचल प्रदेश में 13 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई, जिसमें धर्मशाला में करीब 9 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में ज्यादा असर
राजस्थान में 13 सितंबर को पूर्वी हिस्सों में बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में 12 से 14 सितंबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है. 13 और 14 सितंबर को पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. वहीं पश्चिमी राजस्थान में बारिश का असर अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें: चीन और भारत एक-दूसरे की ताकत से सीख सकते हैं... PM मोदी संग द्विपक्षीय बैठक में बोले शी जिनपिंग