Fatehpur Incident: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में अबू नगर क्षेत्र में हाल ही में हुई एक स्थानीय घटना अब राजनीतिक तूल पकड़ती जा रही है. जहां एक ओर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना पर प्रतिक्रिया दी, वहीं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनके बयानों को भ्रामक और राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से प्रेरित करार दिया है.
डिप्टी सीएम ने सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने दशकों तक 'फूट डालो और राज करो' की नीति से समाज को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के आधार पर विभाजित किया है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस तरह के बयानों से प्रदेश का सामाजिक तानाबाना बिगड़ सकता है.
"समाजवादी पार्टी का एजेंडा केवल शोर करना"
— Bharat 24 - Vision Of New India (@Bharat24Liv) August 12, 2025
Watch : https://t.co/FFBawD4QID#BJP #SamajwadiParty #UttarPradesh #Bharat24Digital@PreetiNegi_ @brajeshpathakup @BJP4India pic.twitter.com/BocEey80AD
'बीजेपी का एजेंडा है संतुलन, न कि तुष्टिकरण'
ब्रजेश पाठक ने साफ कहा कि भारतीय जनता पार्टी कभी भी तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती, बल्कि उसका मूलमंत्र है,‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास.’ उन्होंने दावा किया कि बीते साढ़े आठ वर्षों में प्रदेश में दंगों पर नियंत्रण पाया गया है और यही बात विपक्षी दलों को खटक रही है.
फतेहपुर की स्थिति अब सामान्य
फतेहपुर में उपजे तनाव पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ने जानकारी दी कि सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सुरक्षा बलों की तैनाती की. 10 पुलिस स्टेशनों की टीमें, पीएसी और प्रशासन मिलकर क्षेत्र में शांति सुनिश्चित कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है, और किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
‘सपा फैला रही है हिंदू-मुस्लिम विवाद’
डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि सपा बार-बार हिंदू-मुस्लिम विवाद को हवा देकर अपने वोट बैंक को मजबूत करना चाहती है. उन्होंने जनता से अपील की कि वह भ्रामक बयानों और अफवाहों से सतर्क रहें.
शिक्षा क्षेत्र में बीजेपी सरकार का फोकस
राजनीतिक बहस के बीच ब्रजेश पाठक ने सरकार की शैक्षिक उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि 'स्कूल चलो अभियान' के तहत इस वर्ष 27 लाख से अधिक बच्चों का नामांकन हुआ है. ऑपरेशन कायाकल्प के तहत ₹11,500 करोड़ के निवेश से 96% सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं जैसे पेयजल, टॉयलेट, बिजली, ब्लैकबोर्ड और फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. अटल आवासीय विद्यालय योजना के अंतर्गत सभी 18 मंडलों में स्कूल चालू हैं, जहां 18,000 से अधिक बच्चों को मुफ्त शिक्षा, आवास, खेल, और स्किल ट्रेनिंग दी जा रही है.
'सपा राज में शिक्षा बदहाल थी'
सपा सरकार पर निशाना साधते हुए पाठक ने कहा कि 2015 में 3.45 करोड़ बच्चे स्कूल से वंचित थे. बीजेपी सरकार इस गिरावट को सुधारने के लिए निरंतर काम कर रही है और स्कूलों को आधुनिक रूप दे रही है.
कानून-व्यवस्था बनी प्राथमिकता
ब्रजेश पाठक ने अंत में दोहराया कि भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कानून व्यवस्था, सामाजिक एकता और विकास है. उन्होंने विपक्षी नेताओं से अपील की कि वे भड़काऊ राजनीति से बचें और प्रदेश की शांति में सहयोग करें.
यह भी पढ़ें- तीन दशक का इतंजार खत्म, कश्मीरी पंडितों को मिलेगा न्याय! सरला भट्ट हत्याकांड की जांच में SIA की बड़ी कार्रवाई