Box Office Collection Rahu and Ketu: सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्मों की असली परीक्षा वीकेंड पर होती है और दूसरे दिन के आंकड़े यह साफ करने लगते हैं कि दर्शक किस फिल्म के साथ जुड़ रहे हैं. शालिनी पांडे स्टारर ‘राहु केतु’ और आमिर खान के प्रोडक्शन की ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ दोनों ने शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, लेकिन ग्रोथ के मामले में दोनों की चाल अलग-अलग नजर आई.
करीब 20 से 25 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ‘राहु केतु’ ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर राहत की सांस ली है. सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को फिल्म की कमाई में करीब 60 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई. दूसरे दिन फिल्म ने लगभग 1.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके साथ दो दिनों का कुल कलेक्शन 2.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. फिल्म की कहानी एक रहस्यमयी लेखक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी डायरी में लिखी बातें हकीकत का रूप ले लेती हैं. दो मजबूत किरदारों और रहस्य से भरी पटकथा के चलते फिल्म को सीमित लेकिन जिज्ञासु दर्शक मिलते नजर आ रहे हैं. अब सभी की निगाहें रविवार के प्रदर्शन पर टिकी हैं.
दूसरे दिन थिएटर ऑक्यूपेंसी कैसी रही?
शनिवार को ‘राहु केतु’ की ऑक्यूपेंसी दिन चढ़ने के साथ बेहतर होती दिखी.सुबह के शो में जहां दर्शकों की मौजूदगी बेहद कम रही, वहीं रात के शो तक पहुंचते-पहुंचते हालात कुछ संभलते नजर आए. रात के समय करीब 15 प्रतिशत से ज्यादा सीटें भरी रहीं, जो फिल्म के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.
‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ की रफ्तार रही सुस्त
वहीं दूसरी ओर, आमिर खान के बैनर तले बनी ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ दूसरे दिन खास कमाल नहीं दिखा पाई. फिल्म ने शनिवार को लगभग 1.50 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे दो दिनों का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 2.75 करोड़ रुपये तक पहुंच सका.वीर दास, मोना सिंह, इमरान खान, अभिषेक भालेराव और शारिब हाशमी जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म एक ऐसे जासूस की कहानी है, जो देखने में अनाड़ी लगता है लेकिन उसकी समझ और फैसले मिशन को चौंकाने वाले मोड़ तक ले जाते हैं. बावजूद इसके, फिल्म को अब असली सहारे की जरूरत रविवार से है.
ऑक्यूपेंसी में दिखी थोड़ी बेहतर स्थिति
‘हैप्पी पटेल’ की सिनेमाघरों में मौजूदगी ‘राहु केतु’ के मुकाबले थोड़ी बेहतर रही. खासतौर पर शाम और रात के शो में दर्शकों की संख्या में इजाफा देखने को मिला. रात के शो में फिल्म की ऑक्यूपेंसी 17 प्रतिशत से अधिक रही, जो संकेत देती है कि वर्ड ऑफ माउथ अगर साथ दे गया, तो रविवार को आंकड़े सुधर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: फराह के शो में कौन होंगे कंटेस्टेंट? इन सेलेब्स के नाम हुए कंफर्म; देखें लिस्ट