Border 2 Show Cancel: सनी देओल और वरुण धवन जैसे बड़े सितारों से सजी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को साल 2026 की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा था. देशभक्ति के जज्बे और दमदार स्टारकास्ट के दम पर इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन रिलीज के दिन ही फिल्म को गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तकनीकी कारणों के चलते देश के कई सिनेमाघरों में फिल्म के सुबह के शो रद्द करने पड़े हैं, जिससे पहले दिन की कमाई पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
मॉर्निंग शो पर मंडराया संकट
जानकारी के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ के सुबह 8 बजे, 9 बजे और 10 बजे के शो को लेकर कई शहरों में असमंजस की स्थिति बनी रही. वजह यह बताई जा रही है कि फिल्म का फाइनल कंटेंट समय पर सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सका. कुछ जगहों पर तो कंटेंट तैयार न होने के कारण शो पूरी तरह कैंसिल कर दिए गए.
इस स्थिति ने उन दर्शकों को खासा निराश किया, जो पहले दिन पहला शो देखने के लिए तड़के थिएटर पहुंच गए थे.
मुंबई में सबसे ज्यादा असर
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के मैक्सस बोरीवली थिएटर में ‘बॉर्डर 2’ का पहला दिन का पहला शो प्रिंट देर से पहुंचने के कारण रद्द कर दिया गया. इसके अलावा शहर के कई अन्य सिनेमाघरों ने भी मॉर्निंग शो कैंसिल कर दिए. थिएटर मैनेजमेंट की ओर से दर्शकों को यह भरोसा दिलाया गया है कि जैसे ही फिल्म का कंटेंट डाउनलोड होकर तैयार होगा, शो को दोबारा शेड्यूल किया जाएगा और दर्शकों को उनकी सीटें उपलब्ध कराई जाएंगी.
देर रात तक तैयार नहीं था फाइनल कंटेंट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म से जुड़े सूत्रों ने बताया कि गुरुवार देर रात तक फिल्म का फाइनल कट तैयार नहीं हो पाया था. डिजिटल डिलीवरी प्लेटफॉर्म UFO Moviez ने भी सिनेमाघरों को सूचित किया कि कंटेंट का डाउनलोड उम्मीद से कहीं ज्यादा देर से पूरा होगा.एक सीनियर ट्रेड एक्सपर्ट ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए मॉर्निंग शो का होना लगभग नामुमकिन लग रहा था. UFO Moviez के एक व्हाट्सऐप मैसेज के अनुसार, डाउनलोड प्रक्रिया सुबह करीब 6:30 बजे शुरू होने वाली थी.
लंबे रनटाइम ने बढ़ाई परेशानी
फिल्म का रनटाइम करीब 192 मिनट बताया जा रहा है. इतने लंबे कंटेंट को डाउनलोड करने, प्रोसेस करने और स्क्रीनिंग के लिए तैयार करने में लगभग 3 से 4 घंटे का समय लग सकता है. यही वजह है कि देश के कई हिस्सों में सुबह के शो समय पर शुरू नहीं हो सके.
‘बॉर्डर 2’ से जुड़ी अहम जानकारी
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’, जेपी दत्ता की 1997 में आई आइकॉनिक ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है. इस बार फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे नई पीढ़ी के सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.यह फिल्म गणतंत्र दिवस वीकेंड से ठीक पहले आज यानी 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. अब देखना होगा कि शुरुआती तकनीकी अड़चनों के बावजूद फिल्म आने वाले शोज़ में बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है.
यह भी पढ़ेंः 40 लाख लेकर पलाश ने नहीं बनाई फिल्म? धोखाधड़ी के मामले में फंसे सिंगर; केस दर्ज