सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट ने शानदार अवसर निकाला है. हाईकोर्ट में कुक यानी रसोइया के 18 पदों पर भर्ती की जाएगी. इस वैकेंसी की खास बात यह है कि इसके लिए सिर्फ चौथी कक्षा पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थी भी इस भर्ती के लिए पात्र हैं. आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन नहीं होगी, बल्कि उम्मीदवारों को ऑफलाइन फॉर्म भरकर स्पीड पोस्ट के जरिए भेजना होगा. आवेदन की आखिरी तारीख 10 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है.
योग्यता और उम्र सीमा क्या है?
कुक पद के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 38 वर्ष होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट मिलेगी और वे अधिकतम 43 वर्ष की उम्र तक आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा उम्मीदवार को मराठी और हिंदी भाषा पढ़ने, लिखने और बोलने का ज्ञान होना चाहिए. अभ्यर्थी को शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह के भोजन बनाने की जानकारी के साथ संबंधित काम का अनुभव भी होना जरूरी है. 3-स्टार या 5-स्टार होटल में काम करने वाले तथा कैटरिंग में डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवारों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी.
हर महीने इतनी मिलेगी सैलरी
बॉम्बे हाईकोर्ट में कुक पद पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स के S-3 लेवल के तहत वेतन दिया जाएगा. इसके मुताबिक शुरुआती सैलरी 16,600 रुपये से लेकर अधिकतम 52,400 रुपये प्रतिमाह तक हो सकती है. इसके अलावा उम्मीदवारों को नियमानुसार सरकारी भत्तों का लाभ भी मिलेगा. यानी कम शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती सरकारी नौकरी के साथ स्थिर करियर बनाने का अच्छा अवसर हो सकती है.
कुकिंग टेस्ट से होगा उम्मीदवारों का चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कुल 50 अंकों के आधार पर किया जाएगा. इसमें सबसे ज्यादा 30 अंक कुकिंग के प्रैक्टिकल टेस्ट के लिए निर्धारित हैं, जबकि फिजिकल फिटनेस टेस्ट 10 और ओरल इंटरव्यू 10 अंकों का होगा. प्रैक्टिकल टेस्ट में सफल होने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 15 अंक हासिल करना अनिवार्य है. इसलिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए खाना बनाने की व्यावहारिक जानकारी और शारीरिक रूप से फिट होना बेहद महत्वपूर्ण रहेगा.
ऐसे भेजें आवेदन, यहां पहुंचे फॉर्म
इच्छुक उम्मीदवार बॉम्बे हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड करके उसे भर सकते हैं. फॉर्म के साथ जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज, अनुभव प्रमाण पत्र और हाल की पासपोर्ट साइज फोटो की सेल्फ-अटेस्टेड कॉपी लगानी होगी. आवेदन वाले लिफाफे पर कुक पद के लिए आवेदन स्पष्ट रूप से लिखना होगा. पूरा आवेदन 10 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक स्पीड पोस्ट के जरिए प्रबंधक (प्रशासन), बॉम्बे हाईकोर्ट, बेंच औरंगाबाद, जालना रोड, छत्रपति संभाजीनगर-431009 के पते पर पहुंचना चाहिए. शुरुआत में आवेदन शुल्क नहीं देना होगा, जबकि शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों से बाद में 200 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट लिया जाएगा.