नई दिल्ली: देश की राजधानी नई दिल्ली में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी. एक ओर रोहिणी सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन पर बम की धमकी से अफरा-तफरी मच गई, वहीं दूसरी ओर इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर महिला शौचालय से एक शव मिलने से सनसनी फैल गई.
शनिवार शाम रोहिणी सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन पर बम होने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं. करीब 5:30 बजे मिली इस सूचना के बाद बम निरोधक दस्ता, बम डिटेक्शन टीम और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे और पूरे स्टेशन परिसर की गहन तलाशी ली.
जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना का मेट्रो सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा और ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा.
फर्जी कॉल करने वाला हिरासत में
पुलिस जांच में सामने आया कि यह कॉल फर्जी था. इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया था.
इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर महिला शौचालय से मिला शव
दूसरी घटना उत्तर-पश्चिम दिल्ली के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर सामने आई, जहां महिला शौचालय के अंदर से एक व्यक्ति का शव मिला. जानकारी के अनुसार, शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद था और वहां से तेज दुर्गंध आने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
करीब 5:33 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया.
करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी
अंदर से लगभग 40 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ. पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मृतक शौचालय का केयरटेकर हो सकता है. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसे आखिरी बार करीब दो दिन पहले देखा गया था.
फिलहाल, पुलिस और मेट्रो प्रशासन की मदद से मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें- तापमान 47 के पार... मैदान से पहाड़ तक भीषण गर्मी का कहर, यूपी के 30 जिलों में अलर्ट, कब मिलेगी राहत?