तापमान 47 के पार... मैदान से पहाड़ तक भीषण गर्मी का कहर, यूपी के 30 जिलों में अलर्ट, कब मिलेगी राहत?

देश की राजधानी नई दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. सुबह से लेकर शाम तक तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है.

temperature crosses 47 Extreme heat wreaks havoc IMD alert
Image Source: ANI

Temperature: देश की राजधानी नई दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. सुबह से लेकर शाम तक तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है.

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप चरम पर है. कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हालात गंभीर होते जा रहे हैं. आज सबसे अधिक तापमान बांदा में दर्ज किया गया, जहां पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत के आसार बहुत कम हैं और आने वाले दिनों में भी तापमान ऊंचा बना रह सकता है. साथ ही लू का असर जारी रहने की संभावना है.

28 अप्रैल के बाद राहत के संकेत

आईएमडी के मुताबिक, निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है. इसके चलते 28 अप्रैल से लू की स्थिति में कुछ कमी आने की उम्मीद जताई गई है.

फिलहाल नई दिल्ली में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है. अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच बना हुआ है. दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के इलाके लू की चपेट में हैं.

इसके अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी तेज गर्मी और लू का असर बना हुआ है. इन राज्यों के कई शहरों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जबकि तेज धूप के कारण इसका प्रभाव और अधिक महसूस हो रहा है.

उत्तर प्रदेश में 30 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में गर्मी की स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है. राज्य के 30 से अधिक जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बलिया और आजमगढ़ सहित कई जिलों में दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है.

बढ़ते तापमान को देखते हुए गाजियाबाद में स्कूलों के समय में बदलाव के निर्देश दिए गए हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि लू से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है.

हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी का असर

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी का असर दिखाई दे रहा है. कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.

रविवार के लिए ऊना, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी के कुछ क्षेत्रों में लू को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. वहीं, मंगलवार और बुधवार को चंबा, शिमला और सिरमौर समेत कई इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. 27 से 30 अप्रैल के बीच राज्य में वर्षा होने का अनुमान है.

हरियाणा में पारा 44 डिग्री के पार

हरियाणा में भी सुबह से शाम तक भीषण गर्मी का दौर जारी है. अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है.

रोहतक में शनिवार को तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग के अनुसार, कई स्थानों पर लू जैसी स्थिति बनी हुई है.

हालांकि आने वाले दिनों में मौसम में कुछ बदलाव के संकेत हैं. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है.

पंजाब में भी गर्मी और हीटवेव का प्रकोप

पंजाब में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और रूपनगर जैसे शहरों में लगातार तापमान बढ़ रहा है, जबकि चंडीगढ़ भी दिन और रात दोनों समय तेज गर्मी की चपेट में है.

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राहत मिलने की संभावना है. विशेषज्ञों का मानना है कि 26 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के भी आसार हैं.

ये भी पढ़ें- होटल हिल्टन में ट्रंप के डिनर के दौरान चली गोली, सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने राष्ट्रपति को बाहर निकाला