वह समय बेहद चुनौतीपूर्ण था... सैफ पर चाकू से हुए हमले पर बोलीं सारा अली खान; बताया घर का कैसा था माहौल?

Sara Ali Khan On Saif: एक्ट्रेस सारा अली खान इन दिनों फिल्मों से थोड़ी दूरी बनाए हुए हैं, लेकिन अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार चर्चा में बनी रहती हैं. बीते कुछ महीनों में उनके परिवार ने एक बेहद मुश्किल दौर देखा, जब उनके पिता और अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला किया गया था.

bollywood Sara Ali Khan speaks on knife attack on Saif Ali Khan atmosphere at home
Image Source: Social Media

Sara Ali Khan On Saif: एक्ट्रेस सारा अली खान इन दिनों फिल्मों से थोड़ी दूरी बनाए हुए हैं, लेकिन अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार चर्चा में बनी रहती हैं. बीते कुछ महीनों में उनके परिवार ने एक बेहद मुश्किल दौर देखा, जब उनके पिता और अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला किया गया था. यह घटना न सिर्फ परिवार के लिए बल्कि उनके चाहने वालों के लिए भी चौंकाने वाली थी. हालांकि समय पर इलाज और सर्जरी के बाद सैफ अब पूरी तरह ठीक हो चुके हैं.

हाल ही में सारा अली खान ने इस पूरे घटनाक्रम पर खुलकर बात की. वह अपनी बुआ सोहा अली खान के पॉडकास्ट में नजर आईं, जहां उन्होंने बताया कि उस समय परिवार किस मानसिक स्थिति से गुजरा. सारा ने कहा कि ऐसे हालात को बाहर से देखने वाले पूरी तरह समझ नहीं सकते, इसे वही महसूस कर सकते हैं जो उस दौर से गुजरते हैं.

मुश्किल वक्त पर बोलीं सारा अली खान

सारा के मुताबिक, वह समय बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन इसने उन्हें बहुत कुछ सिखाया भी. उन्होंने कहा कि जब जिंदगी में मुश्किल दौर आता है, तो उसे गरिमा और संयम के साथ संभालना बेहद जरूरी होता है. सारा ने बताया कि उनका परिवार पहले भी कठिन परिस्थितियों से गुजरा है, लेकिन इस साल की शुरुआत में उनके पिता पर हुआ हमला उनके लिए खासतौर पर भावनात्मक रूप से कठिन रहा.

कैसे हुआ था सैफ अली खान पर हमला

गौरतलब है कि जनवरी महीने में देर रात सैफ अली खान पर उनके मुंबई स्थित घर में हमला हुआ था. बताया गया था कि एक शख्स चोरी के इरादे से पटौदी हाउस में घुसा था. उस वक्त घर के बाकी सदस्य सो रहे थे. आरोपी ने सैफ पर चाकू से वार किया, जिससे उन्हें हाथ और कमर पर गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद सैफ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई. कुछ दिनों के इलाज के बाद वह धीरे-धीरे रिकवर हो गए.

परिवार ने एक-दूसरे को दिया सहारा

सारा ने आगे बताया कि इस कठिन समय में परिवार के सभी सदस्यों ने एक-दूसरे का साथ दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में परिवार का साथ सबसे बड़ी ताकत बन जाता है. यही आपसी समझ और समर्थन उन्हें इस मुश्किल दौर से बाहर निकाल पाया. सारा का मानना है कि संकट के समय रिश्तों की असली अहमियत समझ में आती है.

सारा अली खान का वर्क फ्रंट

अगर सारा अली खान के प्रोफेशनल करियर की बात करें, तो उन्हें आखिरी बार फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ में देखा गया था. यह फिल्म अनुराग बसु की साल 2007 में आई ‘लाइफ इन अ मेट्रो’ की सीक्वल मानी जाती है. इस मल्टीस्टारर फिल्म में अनुपम खेर, नीना गुप्ता, कोंकणा सेन शर्मा, पंकज त्रिपाठी, आदित्य रॉय कपूर, अली फजल और फातिमा सना शेख जैसे दमदार कलाकार भी नजर आए थे. सारा ने फिल्म में एक चुलबुली और फ्रेश किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया.

आने वाले समय में सारा अली खान फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ में नजर आने वाली हैं. इस फिल्म में आयुष्मान खुराना, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. सारा का किरदार क्या होगा और कहानी में उनका रोल कितना अहम रहेगा, यह तो फिल्म रिलीज के बाद ही साफ हो पाएगा. फिलहाल सारा अपनी निजी जिंदगी और आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं और फैन्स को उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार है.

यह भी पढ़ें- सलमान खान के 60वें जन्मदिन पर यूलिया वंतूर कुछ यूं किया विश, कहा- दुनिया में बहुत कम लोग...