Kangana Ranaut On Dhurandhar: बॉलीवुड में इस साल का सबसे बड़ा धमाका ‘धुरंधर’ साबित हो रहा है. रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, सारा अर्जुन, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे सितारों से सजी यह फिल्म रिलीज़ होते ही दर्शकों के दिलों में जगह बना चुकी है.
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म न सिर्फ दर्शकों को रोमांच और देशभक्ति का अहसास करा रही है, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही है. केवल 15 दिनों में ही फिल्म ने भारत में 503 करोड़ और दुनियाभर में 710 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है.
कंगना रनौत की तारीफों की झड़ी
फिल्म की सफलता की कहानियां हर तरफ गूंज रही हैं और अब इस लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत का नाम भी जुड़ गया है. कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म का एक क्लिप शेयर करते हुए आदित्य धर और पूरी टीम की जमकर तारीफ की. उन्होंने ‘धुरंधर’ को साधारण फिल्म नहीं, बल्कि मास्टरपीस करार दिया. कंगना ने पोस्ट में लिखा, “मैंने धुरंधर देखी और फिल्म को देखते हुए बहुत मजा आया, लेकिन ये साधारण फिल्म नहीं, मास्टरपीस है. फिल्ममेकर्स को बहुत सारी रिस्पेक्ट है.”
उन्होंने आगे लिखा, “मजा आ गया फिल्म देखकर. फिल्म के लिए ढेर सारी बधाइयां. सभी ने फिल्म में अच्छा काम किया है, लेकिन असली ‘धुरंधर’ आदित्य धर हैं. डियर आदित्य धर जी, सीमा पर हमारे रक्षा बल, सरकार, मोदी जी और बॉलीवुड सिनेमा में आप, खूब कंबल कुटाई करो इन पाकिस्तानी आतंकवादियों की. मजा आ गया, पूरी फिल्म के दौरान सीटियां और तालियां बजाती रही.”

आदित्य धर: देशभक्ति की कहानी कहने वाले निर्देशक
आदित्य धर देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. उनकी पहली फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ ने दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों का दिल जीत लिया था और विक्की कौशल का करियर भी चमका दिया. इसके बाद उन्होंने ‘आर्टिकल 370’ और ‘बारामूला’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया. हालांकि उनके सपनों का एक बड़ा प्रोजेक्ट, महाभारत पर आधारित माइथोलॉजिकल फिल्म ‘द इम्मॉर्टल अश्वत्थामा’, अभी तक ठंडे बस्ते में है. साल 2021 में इसकी घोषणा हुई थी, लेकिन भारी बजट और तैयारी के कारण फिल्म की शूटिंग शुरू नहीं हो पाई. यह फिल्म महाभारत के योद्धा अश्वत्थामा की अमरता और मुक्ति की कहानी पर आधारित होने वाली थी.
‘धुरंधर’ के निर्माण की मेहनत
फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता पीछे सिर्फ सितारों की ताकत नहीं है, बल्कि आदित्य धर की मेहनत और रिसर्च भी है. फिल्म बनाने में लगभग 2 साल की तैयारी लगी और 280 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया गया. आदित्य ने फिल्म की कास्ट को बड़े ध्यान से चुना, ताकि हर किरदार पर्दे पर जीवंत दिखाई दे. रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना और संजय दत्त जैसे अनुभवी कलाकारों ने अपने किरदारों में जान डाल दी, जिससे फिल्म का प्रभाव और बढ़ गया.
बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर की ताकत
रिलीज के तुरंत बाद ‘धुरंधर’ ने दर्शकों का दिल जीतते हुए रिकॉर्डतोड़ कमाई की. देशभर में फिल्म के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है. देशभक्ति, एक्शन और दमदार कहानी का मिश्रण इसे दर्शकों के लिए अनदेखा न करने वाला अनुभव बनाता है. 503 करोड़ के घरेलू कलेक्शन और 710 करोड़ से अधिक के वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने फिल्म को एक बड़ी सफलता बना दिया है.
यह भी पढ़ें- 2026 Astrology Predictions: इन पांच राशिवालों के लिए साल 2026 होगा शुभ, इन क्षेत्रों में दिखेगा लाभ!