अच्छा करने वालों को... धुरंधर की सफलता पर किसे लगी मिर्ची? जानें इमरान हाशमी ने किसकी मेंटैलिटी पर उठाए सवाल

Emraan Hashmi On Dhurandhar: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज के बाद न सिर्फ भारत में बल्कि दुनियाभर में जबरदस्त कामयाबी हासिल की है. बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने एक के बाद एक कई रिकॉर्ड तोड़े हैं और अभी भी इसकी कमाई का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा. 

Bollywood impressed by the success of Dhurandhar whose mentality Emraan Hashmi raised questions on
Image Source: Social Media

Emraan Hashmi On Dhurandhar: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज के बाद न सिर्फ भारत में बल्कि दुनियाभर में जबरदस्त कामयाबी हासिल की है. बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने एक के बाद एक कई रिकॉर्ड तोड़े हैं और अभी भी इसकी कमाई का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा. 

फिल्म की इस ऐतिहासिक सफलता के चलते पूरी टीम की जमकर तारीफ हो रही है. इसी बीच अभिनेता इमरान हाशमी ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की एक कड़वी सच्चाई पर खुलकर बात की है और फिल्मों को लेकर मौजूद नकारात्मक सोच पर सवाल उठाए हैं.

“अच्छा करने वालों को नीचा दिखाने की सोच”

इमरान हाशमी ने फिल्म इंडस्ट्री में मौजूद मानसिकता को लेकर कहा कि यहां अक्सर किसी फिल्म की सफलता को भी संदेह और आलोचना की नजर से देखा जाता है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक तरह की ‘क्रैप मेंटैलिटी’ मौजूद है, जहां लोग किसी फिल्म को ऊपर उठाने के बजाय उसे नीचा दिखाने में ज्यादा दिलचस्पी लेते हैं.

इमरान के मुताबिक, जब कोई फिल्म अच्छा बिजनेस करती है तो सबसे पहले खुश होना चाहिए, क्योंकि इसका फायदा पूरी इंडस्ट्री को मिलता है. उन्होंने कहा कि ज्यादा फिल्में अगर सफल होंगी तो इंडस्ट्री में कैश फ्लो बढ़ेगा, नए प्रोजेक्ट्स बनेंगे और इससे हर किसी को फायदा होगा. इसलिए इस तरह की नकारात्मक सोच को खत्म किया जाना चाहिए और सफलता को खुले दिल से सेलिब्रेट करना चाहिए.

‘धुरंधर’ की सफलता और मार्केटिंग की तारीफ

रणवीर सिंह की फिल्म की कामयाबी पर बात करते हुए इमरान हाशमी ने इसके मेकर्स की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि यह फिल्म मेकर्स के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुई है और उन्हें लगता है कि ‘धुरंधर’ एक शानदार फिल्म है.

इमरान ने खास तौर पर फिल्म की मार्केटिंग रणनीति की तारीफ की. उन्होंने कहा कि भले ही उन्होंने फिल्म अभी तक नहीं देखी है, लेकिन जिस तरह से इसे प्रमोट किया गया और दर्शकों तक पहुंचाया गया, वह काबिले-तारीफ है. उन्होंने यह भी कहा कि आज के दौर में जब फिल्म के दो पार्ट होते हैं और एक फिल्म की लंबाई लगभग साढ़े तीन घंटे हो, तब भी अगर दर्शक सुबह के शो और दोपहर के शो में उमड़ रहे हैं, तो यह सिनेमा की ताकत और वर्ड ऑफ माउथ का सबसे बड़ा उदाहरण है.

इमरान के मुताबिक, ‘धुरंधर’ की चर्चा जंगल की आग की तरह फैली है और यही वजह है कि लोग चार घंटे का सिनेमा एक्सपीरियंस लेने के लिए भी तैयार हैं.

फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट

आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर है, जिसे जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनाया गया है. फिल्म की कहानी भारतीय स्पेशल एजेंट्स की बहादुरी और पाकिस्तान में किए गए गुप्त सैन्य अभियानों के इर्द-गिर्द घूमती है.

रणवीर सिंह ने इस फिल्म में एक निडर और खतरनाक अंडरकवर जासूस का किरदार निभाया है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया है. उनके साथ फिल्म में अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन और सारा अर्जुन जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का दबदबा

5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया है. फिल्म अब तक दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. इसकी लोकप्रियता को देखते हुए मेकर्स ने इसके सीक्वल की भी घोषणा कर दी है. फिल्म का दूसरा पार्ट 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाला है, जिसे लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

ये भी पढ़ें- एक्सिडेंट होने पर इलाज के लिए सरकार देगी 1.5 लाख रुपये, कैशलेस ट्रीटमेंट वाली स्कीम होने जा रही लॉन्च