Ayesha Khan Dhurandhar: सिनेमा की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखती है, अंदर से उतनी ही टूटन, ताने और संघर्ष से भरी होती है. इस समय रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ पूरी इंडस्ट्री पर राज कर रही है. हर थिएटर, हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, हर चर्चा, सब जगह बस इस फिल्म की गूंज है. अक्षय खन्ना की दमदार एंट्री हो, रणवीर का धांसू परफॉर्मेंस हो, या फिल्म का धमाकेदार म्यूजिक, हर चीज दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है.
लेकिन इस चमक-धमक और बॉक्स ऑफिस की दीवानगी के बीच एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसने कई दिलों को चौंका दिया है. फिल्म के हिट गाने ‘शरारत’ में अपनी अदाओं से सबको दीवाना बनाने वाली एक्ट्रेस आयशा खान ने हाल ही में अपना एक बहुत कड़वा अनुभव साझा किया, एक ऐसा अनुभव जो बताता है कि बॉलीवुड में सफल होना सिर्फ टैलेंट नहीं, बल्कि मोटी चमड़ी का होना भी जरूरी है.
“तुम्हें नाक बदलनी चाहिए”
आयशा खान ने बताया कि जब उन्होंने इंडस्ट्री में कदम रखा, तब उन्हें सबसे पहले उनके ‘रूप’ पर जज किया गया, ना कि उनके टैलेंट पर. कई लोग उनकी खूबसूरती की तारीफ करते थे, लेकिन कुछ ऐसे भी थे जो बिना वजह उनकी कमियां निकालने में जुट जाते थे.
एक इंटरव्यू में आयशा ने बताया, “मेरे कोऑर्डिनेटर्स ने कहा कि तुम नाक ठीक क्यों नहीं करवा लेती? तुम्हें इसे बदलना चाहिए.” यह सुनकर आयशा हैरान रह गईं. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब लोग उन्हें उनकी नाक की वजह से रिजेक्ट करने की सलाह देते थे.
लेकिन आयशा ने बड़ी दृढ़ता से कहा, “मैं खुद से प्यार करती हूं. मेरी नाक खूबसूरत है. आप कौन होते हैं मुझे बताने वाले कि मैं क्या बदलूं?” ये बात सिर्फ एक कमेंट नहीं थी, बल्कि उस मानसिकता का प्रतीक है जहाँ इंडस्ट्री में अक्सर बाहरी लोगों को सबसे पहले तोड़ा जाता है और बाद में मौका दिया जाता है.
‘हॉरर फिल्म है, इसलिए चल जाएगा’
आयशा ने सिर्फ नाक को लेकर नहीं, बल्कि एक और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण अनुभव का जिक्र किया. वह एक हॉरर फिल्म के लिए ऑडिशन देने गई थीं और वहाँ उनका चयन भी हो गया. वह बेहद खुश थीं. लेकिन इसके बाद एक ऐसा कमेंट किया गया जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया.
आयशा ने कहा, “मुझसे कहा गया कि यह हॉरर फिल्म है, इसलिए तुम्हारे दांत चल जाएंगे. अगर यह कोई रोमांटिक या दूसरी फिल्म होती तो तुम्हें इन्हें बदलना पड़ता.” यह सुनकर उन्हें महसूस हुआ कि लोग कितनी आसानी से किसी की शारीरिक बनावट पर टिप्पणी कर देते हैं, जैसे कि यह कोई खिलौना हो जिसे जब चाहे बदला जा सकता है.
बॉलीवुड में ‘बॉडी शेमिंग’ की परंपरा
आयशा खान की कहानी अनोखी नहीं है, बल्कि सामान्य है. बॉलीवुड में यह अक्सर होता है. खासकर उन लोगों के साथ जिनके पास कोई ‘गॉडफादर’ नहीं होता, कोई फिल्मी खून नहीं होता. उनके पहनावे से लेकर त्वचा के रंग तक, आंखों से लेकर दांतों तक, हर चीज पर सवाल उठाए जाते हैं.
आयशा मानती हैं कि इस इंडस्ट्री में लोग अक्सर दूसरों को बदल कर अपनी पसंद के अनुसार ढालने की कोशिश करते हैं. उन्होंने कहा, “कई लोग बस दूसरों की कमियां खोजने में लगे रहते हैं. उन्हें खुद पर काम करने से ज्यादा मजा दूसरों को जज करने में आता है.”
‘धुरंधर’ से मिली पहचान, अब कपिल शर्मा की फिल्म में दिखेगी आयशा
आयशा खान का करियर अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ में क्रिस्टल डिसूजा के साथ उनकी केमिस्ट्री और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा. और अब खबर ये है कि वह कपिल शर्मा के साथ ‘किस-किस को प्यार करूं 2’ में अहम भूमिका निभाने जा रही हैं. यह उनके करियर का बड़ा पड़ाव साबित हो सकता है. आयशा की यह कहानी उन तमाम युवा कलाकारों के लिए उम्मीद बन सकती है जो इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
यह भी पढे़ं- 'धुरंधर' को प्रोपेगेंडा बताने वालों को आर माधवन का तगड़ा जवाब, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन देखने की दी सलाह