IKKA Teaser: ‘धुरंधर 2’ में अक्षय खन्ना की मौजूदगी की उम्मीद लगाए बैठे दर्शकों के लिए अब एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. उनकी अपकमिंग फिल्म ‘इक्का’ का टीज़र रिलीज हो चुका है, जिसमें वह एक बार फिर अपने दमदार अंदाज़ में नजर आ रहे हैं. इस कोर्टरूम ड्रामा में सनी देओल भी अहम भूमिका निभा रहे हैं. हाल ही में अक्षय खन्ना ‘बॉर्डर 2’ में एक छोटे से कैमियो में दिखाई दिए थे, जहां उन्होंने कर्नल धर्मवीर सिंह के किरदार में वापसी की थी.
‘इक्का’ के टीज़र में अक्षय खन्ना का लुक और बॉडी लैंग्वेज देखते ही दर्शकों को उनके चर्चित किरदार रहमान डकैत की याद आ रही है. वही गंभीर चेहरा, तीखी नजरें और शांत लेकिन डर पैदा करने वाला अंदाज़, इन सबने उनके किरदार को पहली झलक में ही असरदार बना दिया है. कोर्ट में खड़े सनी देओल को जिस तरह से वह देखते हैं, वह सीन टीज़र का सबसे यादगार पल बन जाता है.
Kanoon ya khoon ka rishta, kiske haath mein hai iss khel ka ikka? ♠️
— Netflix India (@NetflixIndia) February 3, 2026
Watch Ikka, coming soon, only on Netflix.#Ikka#IkkaOnNetflix#NextOnNetflixIndia pic.twitter.com/GJaMeU3orh
कोर्टरूम ड्रामा की झलक
टीज़र की शुरुआत सनी देओल से होती है, जो वकील की पोशाक में अदालत की ओर जाते दिखते हैं. उनके चेहरे पर दर्द और भीतर से टूटा हुआ इंसान नजर आता है. कोर्टरूम में उनकी मौजूदगी के बाद अक्षय खन्ना की एंट्री होती है, जो पूरे माहौल को और गंभीर बना देती है. दोनों किरदारों की आमने-सामने की टकराहट फिल्म की कहानी में किसी बड़े टकराव का संकेत देती है.
तीखे संवाद और भावनात्मक टकराव
टीज़र में आगे कुछ तेज़-तर्रार सीन दिखाई देते हैं, जिनसे लगता है कि मामला सिर्फ कानूनी बहस तक सीमित नहीं रहने वाला. एक सीन में सनी देओल, अक्षय खन्ना से सवाल-जवाब करते नजर आते हैं और फिर गुस्से में आकर उन पर हाथ उठा देते हैं. इसके बाद अक्षय के किरदार की धीमी लेकिन डर पैदा करने वाली आवाज सुनाई देती है, जिस पर सनी देओल का गुस्से से भरा जवाब पूरे कोर्टरूम को सन्न कर देता है.
फैंस की प्रतिक्रियाएं: रहमान डकैत की याद
टीज़र सामने आते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं. कई फैंस ने अक्षय खन्ना के अंदाज़ की तुलना उनके पुराने चर्चित किरदार रहमान डकैत से की है. वहीं सनी देओल का आक्रामक वकील अवतार लोगों को उनकी फिल्म ‘दामिनी’ की याद दिला रहा है. दोनों सितारों की आमने-सामने की मौजूदगी को दर्शक एक बड़े टकराव के रूप में देख रहे हैं.
दमदार कास्ट और ओटीटी रिलीज
‘इक्का’ में सनी देओल और अक्षय खन्ना के अलावा दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, संजीदा शेख और आकांक्षा रंजन कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी. फिलहाल इसकी रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन टीज़र के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता काफी बढ़ चुकी है.
ये भी पढ़ें- गेंद के वजन से लेकर अंडर-13 क्रिकेट तक... टेस्ट फॉर्मेट के नियम में हुए कई बदलाव, MCC का बड़ा ऐलान