'ये राहुल गांधी का एटम बम है...फटता ही नहीं', वोट चोरी के आरोप पर बीजेपी का पलटवार

देश की सियासत में एक बार फिर तीखा वार-पलटवार देखने को मिला है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद बीजेपी ने उन पर करारा पलटवार किया है. राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि “हरियाणा में 25 लाख वोटों की चोरी हुई है”.

BJP Attacked on Rahul Gandhi Kiren Rijiju Says His Hydrogen Bomb Dont blast
Image Source: ANI

देश की सियासत में एक बार फिर तीखा वार-पलटवार देखने को मिला है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद बीजेपी ने उन पर करारा पलटवार किया है. राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि “हरियाणा में 25 लाख वोटों की चोरी हुई है”. इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है.

राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता में कहा कि देश में लोकतंत्र की जड़ें कमजोर की जा रही हैं और चुनाव आयोग निष्पक्ष भूमिका नहीं निभा रहा. उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि लाखों वोट फर्जी तरीके से हटाए या बदले गए हैं. कांग्रेस नेता ने कहा कि यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है और इसकी जांच होनी चाहिए. राहुल के इन आरोपों के बाद विपक्षी दलों ने भी चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए. लेकिन बीजेपी ने राहुल गांधी के बयानों को “राजनीतिक ड्रामा” करार देते हुए पलटवार किया.

राहुल गांधी फालतू बातें करते हैं

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा,  राहुल गांधी अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए इस तरह की बातें करते हैं. उनका हाइड्रोजन बम कभी फटता ही नहीं. वो सिर्फ मीडिया में शोर मचाते हैं. रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी हर बार किसी विदेशी मुद्दे या व्यक्ति का नाम लेकर देश के युवाओं को भटकाने की कोशिश करते हैं. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “पिछले सत्र में राहुल गांधी एक महिला का नाम टी-शर्ट पर लिखवाकर घूम रहे थे, बाद में उसी महिला ने उन्हें फटकार लगाई थी. अब बिहार में चुनाव हैं, तो वे हरियाणा की कहानी सुनाने लगे हैं ताकि असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके.”

राहुल गांधी का एटम बम फटा ही नहीं

रिजिजू ने राहुल गांधी के बयानों पर तंज कसते हुए कहा, “वो हमेशा कहते हैं कि एटम बम फटने वाला है, लेकिन उनका बम कभी फटता ही नहीं. कांग्रेस के अंदर खुद उनके नेता कहते हैं कि जब तक राहुल गांधी पार्टी के शीर्ष पर हैं, तब तक जीत की उम्मीद नहीं की जा सकती. उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की हालत पहले से ही कमजोर है. राव इंद्रजीत सिंह और कुमारी शैलजा जैसे नेताओं के बीच आंतरिक कलह जारी है, और राहुल गांधी उसी स्थिति को छिपाने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं.

हम मेहनत करते हैं, इसलिए जीतते हैं

रिजिजू ने यह भी कहा कि बीजेपी की जीत का कारण सिर्फ संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत है. उन्होंने कहा, “हम अपने गांव-शहर से महीनों तक बाहर रहकर काम करते हैं, इसलिए जनता हम पर भरोसा करती है. कांग्रेस हारती है क्योंकि वह मेहनत के बजाय आरोपों की राजनीति करती है.”

इलेक्शन कमीशन खुद देगा जवाब

केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि बीजेपी चुनाव आयोग की ओर से बोलने नहीं आई है, लेकिन जब किसी पार्टी के नेता संस्थाओं पर आरोप लगाते हैं, तो जवाब देना जरूरी हो जाता है. उन्होंने कहा, चुनाव आयोग अपना जवाब खुद देगा. लेकिन राहुल गांधी को समझना चाहिए कि इस तरह के बयान युवाओं को भड़काने और लोकतंत्र पर संदेह पैदा करने की कोशिश हैं. रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “समस्या सिर्फ राहुल गांधी और उनकी पार्टी में है. बिहार में कांग्रेस नेता नहीं चाहते कि राहुल वहां प्रचार करें क्योंकि उन्हें डर है कि उनके आने से चुनावी नुकसान होगा.”

यह भी पढ़ें: अब माफियाओं का यही हाल होगा, मुख्तार अंसारी की जमीन पर बने फ्लैटों की चाबी सौंप बोले- CM योगी