Bikaner News: राजस्थान के बीकानेर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर हंसी के साथ-साथ सवाल भी खड़े कर दिए हैं. यहां एक ऑटो चालक का चालान इसलिए काट दिया गया क्योंकि उसने हेलमेट नहीं पहना था. जी हां, आपने सही पढ़ा. हेलमेट न पहनने पर ऑटो चालक का चालान कर दिया गया. अब ये मामला इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है.
ऑटो चालक को कैसे पता चला?
बीकानेर के रहने वाले ऑटो चालक संजय आचार्य को इस चालान की भनक तब लगी जब उन्होंने अपना ऑटो बेचना चाहा. ऑनलाइन चालान रिकॉर्ड चेक करने पर वो हैरान रह गए — उनके थ्री व्हीलर (RJ07PB5262) पर “बिना हेलमेट वाहन चलाने” का जुर्माना दर्ज था. चालान 10 अप्रैल 2024 को सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार द्वारा जारी किया गया था, और इस पर ₹1000 का जुर्माना लगाया गया था. संजय ने सवाल उठाते हुए कहा — “ऑटो चलाने वालों के लिए हेलमेट पहनने का कोई नियम ही नहीं है, फिर ये चालान कैसे बन गया?”
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे
जैसे ही मामला सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे हाथों-हाथ लपक लिया. कई यूज़र्स ने मजाकिया मीम्स शेयर करते हुए लिखा — “अब ऑटो वाले भी हेलमेट पहनकर सवारी उठाएंगे क्या?” वहीं कुछ ने पुलिस प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए. इस अजीब चालान ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है.
पुलिस ने दी सफाई
जब यह मामला वायरल हुआ तो ट्रैफिक पुलिस भी हरकत में आई. अधिकारियों ने कहा कि यह मामला “सिस्टम या एंट्री एरर” का हो सकता है और इसकी जांच की जाएगी. हालांकि, यह घटना इस बात का उदाहरण बन गई है कि किस तरह कभी-कभी टेक्नोलॉजी और प्रशासनिक भूलें आम लोगों की परेशानी का कारण बन जाती हैं.
ये भी पढ़ें: भारत ने दिखाई भैरव बटालियन की शक्ति, राजनाथ सिंह ने कहा- अब हर चुनौती का जवाब तैयार