782 की चाय और 1512 रुपये का पोहा, अमेरिका में छाया बिहार का ये शख्स; गौरों को लगा लूटने...देखें VIDEO

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हंसने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर दिया है. वजह कोई भावुक संघर्ष कथा नहीं, बल्कि चाय और पोहे की ऐसी कीमत है.

Bihari Man Selling Tea worth 782 and poha 1512 at america video goes viral
Image Source: Social Media

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हंसने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर दिया है. वजह कोई भावुक संघर्ष कथा नहीं, बल्कि चाय और पोहे की ऐसी कीमत है, जिसे सुनकर भारतीयों का माथा घूम जाए. वीडियो में एक बिहारी युवक अमेरिका के लॉस एंजेलिस में सड़क किनारे ठेला लगाकर देसी चाय और पोहा बेचता दिखाई देता है, लेकिन जैसे ही दाम सामने आते हैं, इंटरनेट पर बवाल मच जाता है.


वायरल क्लिप में युवक हिंदी में बातचीत करता हुआ नजर आता है और खुद को बिहार का निवासी बताता है. वह पूरी सादगी के साथ ग्राहकों को चाय और पोहा ऑफर करता है. देखने में सब कुछ आम लगता है, लेकिन जब पता चलता है कि एक कप चाय की कीमत करीब 782 रुपये और एक प्लेट पोहा लगभग 1512 रुपये है, तो लोगों की प्रतिक्रिया तेज हो जाती है. भारत में यही नाश्ता कुछ दर्जन रुपयों में मिल जाता है, इसलिए तुलना होना लाजमी है.

आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के साथ बेच रहा पोहा

खास बात यह है कि युवक के चेहरे पर किसी तरह की झिझक या असहजता नहीं दिखती. वह पूरे भरोसे के साथ ग्राहकों से बात करता है और अपने काम को सम्मान के साथ करता नजर आता है. उसके हाव-भाव बताते हैं कि वह इस काम को छोटा नहीं समझता. कई लोगों के लिए यह वीडियो यह संदेश भी देता है कि मेहनत और ईमानदारी के साथ किया गया कोई भी काम छोटा नहीं होता, चाहे जगह कोई भी हो और दाम कितने भी हों.

सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक, कमेंट्स की भरमार

यह वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट oc_.alpha.sp से शेयर किया गया है, जिसे अब तक लाखों बार देखा जा चुका है. जैसे-जैसे वीडियो वायरल हुआ, कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कुछ यूजर्स ने इसे सीधा-सीधा “टोपीबाजी” करार दिया और कहा कि विदेश में देसी खाने को बेवजह लग्जरी बना दिया गया है. वहीं कई लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया. एक यूजर ने लिखा कि इतने दाम में तो भारत में पूरी नाश्ते की दावत हो जाए. दूसरे ने तंज कसते हुए कहा कि यह पोहा नहीं, बल्कि किसी इन्वेस्टमेंट स्कीम जैसा लग रहा है. किसी ने तो यहां तक लिख दिया कि इतने महंगे मेन्यू के साथ ईएमआई का ऑप्शन भी होना चाहिए. कुल मिलाकर, यह वीडियो देसी खाने, विदेशी दाम और सोशल मीडिया के चटपटे रिएक्शन का ऐसा मेल बन गया है, जो लोगों को हंसाने के साथ-साथ चर्चा का नया मुद्दा भी दे रहा है.

यह भी पढ़ें: अमेरिका ने किया वेनेजुएला पर कब्जा? खुद को कार्यवाहक राष्ट्रपति बता रहे ट्रंप