पटना से दिल्ली का सफर हुआ आसान, इस महीने से चलेंगी 32 नई डीलक्स बसें; मिलेंगी ये सुविधाएं

Patna to Delhi Bus: बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने अपनी बस सेवाओं को दूसरे राज्यों तक बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत 32 नई डीलक्स बसें पटना पहुंच चुकी हैं. 

Bihar Traveling from Patna to Delhi becomes easier 32 new deluxe buses will run from this month
Image Source: Social Media

Patna to Delhi Bus: बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने अपनी बस सेवाओं को दूसरे राज्यों तक बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत 32 नई डीलक्स बसें पटना पहुंच चुकी हैं. 

ये बसें Tata Motors की हैं और इनमें एसी और नॉन एसी दोनों तरह की सुविधा दी गई है. उम्मीद है कि ये बसें मई महीने से सड़कों पर चलने लगेंगी, जिससे दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों की यात्रा आसान हो जाएगी.

नई बसों में क्या खास है

पटना पहुंची सभी बसें 2×2 सीटिंग वाली डीलक्स बसें हैं. इन बसों को अभी फतुहा स्थित टाटा एजेंसी के यार्ड में रखा गया है और जल्द ही इन्हें बीएसआरटीसी को सौंप दिया जाएगा. इन बसों में यात्रियों की सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया है. 

हर बस में तीन कैमरे लगाए गए हैं. दो कैमरे बस के अंदर नजर रखते हैं, जबकि एक कैमरा पीछे की तरफ लगाया गया है, जो रिवर्स और सुरक्षा में मदद करता है. इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति के लिए बसों में पैनिक बटन भी लगाया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्री तुरंत मदद ले सकें.

मई से शुरू होगा संचालन

फिलहाल बसें यार्ड में खड़ी हैं और जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. जैसे ही रजिस्ट्रेशन और परमिट का काम पूरा होगा, इन्हें सड़कों पर उतार दिया जाएगा. इसमें लगभग एक महीने का समय लग सकता है.

मई के पहले हफ्ते से इन बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है. इसके बाद लंबी दूरी के यात्रियों को प्राइवेट बसों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा और उन्हें बेहतर सुविधा मिलेगी.

उत्तर बिहार को मिलेगा ज्यादा फायदा

बीएसआरटीसी की योजना कुल 149 अंतरराज्यीय बसें चलाने की है. अभी 32 बसें आ चुकी हैं और बाकी 117 बसें अगले दो महीनों में पटना पहुंच जाएंगी. इन नई सेवाओं का सबसे ज्यादा फायदा उत्तर बिहार के जिलों जैसे दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और मोतिहारी के लोगों को मिलेगा. 

यहां से गुरूग्राम, अंबाला और दिल्ली के लिए सीधी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी. इससे नौकरी, पढ़ाई या व्यापार के लिए बाहर जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी और यात्रा पहले से ज्यादा आरामदायक हो जाएगी.

ये भी पढ़ें- ईरान से हार मान गए ट्रंप? अमेरिकी राष्ट्रपति ने जंग को लेकर किया बड़ा ऐलान, जानें क्या कहा