Bihar IPL Team: क्या आने वाले समय में इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL में बिहार की भी अपनी टीम दिखाई दे सकती है? यह सवाल अब सिर्फ क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय नहीं रह गया है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी तेजी से ट्रेंड कर रहा है. इसकी वजह बने हैं वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, जिन्होंने खुलकर बिहार के लिए एक IPL टीम बनाने की बात कही है.
अनिल अग्रवाल ने उठाई बिहार की आवाज
अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जैसे चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स अपने-अपने शहर और राज्यों का प्रतिनिधित्व करती हैं, वैसे ही बिहार को भी IPL में अपनी पहचान मिलनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि बिहार जैसा बड़ा और प्रतिभाशाली राज्य अब तक IPL में अपनी टीम से वंचित है. उनका मानना है कि बिहार के युवाओं में क्रिकेट को लेकर जबरदस्त जुनून और टैलेंट मौजूद है, जिसे सही मंच मिलने की जरूरत है.
आपकी बात से पूर्णतः सहमत हूँ।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 22, 2026
बिहार के क्रिकेट "इमोशन" के लिए सरकार स्पष्ट "विजन" के साथ "मिशन" मोड में कार्यरत है। आपके सहयोग से निश्चित ही बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। https://t.co/Q5xfXYGwiC
मुख्यमंत्री ने भी जताई सहमति
अनिल अग्रवाल के इस पोस्ट पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि वह इस बात से पूरी तरह सहमत हैं. मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि बिहार सरकार क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और निजी सहयोग से भविष्य में बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक फैसला लिया जा सकता है.
बिहार से है अनिल अग्रवाल का खास जुड़ाव
हालांकि अनिल अग्रवाल अब ब्रिटेन में रहते हैं, लेकिन उनका बिहार से गहरा भावनात्मक रिश्ता है. वह कई बार अपने इंटरव्यू और सोशल मीडिया पोस्ट में बिहार के युवाओं, उनकी मेहनत और प्रतिभा की तारीफ कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी ने देश को कई बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद राज्य को क्रिकेट की दुनिया में वह पहचान नहीं मिल पाई, जिसका वह हकदार है.
बिहार के खिलाड़ियों का किया जिक्र
अपने पोस्ट में अनिल अग्रवाल ने बिहार के कई उभरते क्रिकेटरों का उदाहरण भी दिया. उन्होंने पटना में जन्मे ईशान किशन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाकर इतिहास रचा.
इसके अलावा समस्तीपुर के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का भी उन्होंने जिक्र किया, जो कम उम्र में IPL तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं. वहीं गोपालगंज के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है.
जरूरत है बेहतर सुविधाओं की
अनिल अग्रवाल का कहना है कि अगर बिहार के खिलाड़ियों को बेहतर स्टेडियम, आधुनिक ट्रेनिंग, अच्छी कोचिंग और पेशेवर सुविधाएं मिलें, तो यहां की टीम देश की सबसे मजबूत क्रिकेट टीमों में शामिल हो सकती है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह बिहार के क्रिकेट और यहां के युवाओं के साथ मजबूती से खड़े हैं और हर संभव मदद करने को तैयार हैं.
‘बिहार सिर्फ राज्य नहीं, भावना है’
अपने पोस्ट के आखिर में अनिल अग्रवाल ने भावुक अंदाज में लिखा कि बिहार उनके लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक भावना है. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार की प्रतिभा क्रिकेट मैदान पर भी पूरी दुनिया के सामने चमके.
सोशल मीडिया पर शुरू हुई नई बहस
अनिल अग्रवाल के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बिहार की IPL टीम को लेकर नई बहस शुरू हो गई है. कई क्रिकेट फैंस का मानना है कि अगर राज्य में बेहतर क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो और निवेश बढ़े, तो आने वाले वर्षों में बिहार की अपनी IPL टीम देखने का सपना सच हो सकता है.
ये भी पढ़ें- 721 साल बाद भोजशाला में गुंजा मंत्रोच्चार! मां वाग्देवी की धूमधाम से हुई आरती, देखें VIDEO