Bihar Student Credit Card: बिहार में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत मिलने वाले लोन को लेकर चल रही चर्चा पर अब स्थिति साफ हो गई है. हाल ही में जारी एक नोटिफिकेशन के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि सरकार ने अधिकतम लोन की सीमा घटाकर 2 लाख रुपये कर दी है और बाकी रकम बैंकों से मिलेगी. अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया है कि छात्रों को पहले की तरह 4 लाख रुपये तक का लाभ मिलता रहेगा.
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड को लेकर भ्रम खत्म
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को लेकर छात्रों और उनके माता-पिता को किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए. उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा के लिए 4 लाख रुपये तक का स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड मिल रहा है और आगे भी यह सुविधा जारी रहेगी.
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के संबंध में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के मन में किसी भी प्रकार का संशय नहीं रहना चाहिए।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) August 24, 2026
उच्च शिक्षा हेतु ₹4 लाख तक का स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड मिल रहा है और यह सुविधा आगे भी पूर्ववत ही जारी रहेगी।
बिहार सरकार युवाओं की शिक्षा और उनके उज्ज्वल…
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है. आर्थिक परेशानी की वजह से छात्रों की पढ़ाई रुकने नहीं दी जाएगी.
4 लाख तक की सुविधा रहेगी जारी
सम्राट चौधरी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे किसी तरह की अफवाह या गलत जानकारी पर भरोसा न करें. सरकार का कहना है कि युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक मदद देने की योजना पहले की तरह चलती रहेगी.
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लिए वित्त वर्ष 2025-26 में 886 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2026-27 में 950 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है.
लोन देने के तरीके में हुआ बदलाव
दरअसल, योजना के नियमों में बदलाव को लेकर यह पूरा भ्रम पैदा हुआ था. नई व्यवस्था के तहत 2 लाख रुपये तक का शिक्षा लोन बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के जरिए दिया जाएगा. वहीं 2 लाख से 4 लाख रुपये तक की बाकी राशि अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी.
यानी लोन की कुल सीमा 4 लाख रुपये ही रहेगी, लेकिन इसे उपलब्ध कराने का तरीका बदला गया है.
योजना को लेकर शुरू हुई थी राजनीति
लोन की सीमा घटने की खबर सामने आने के बाद बिहार में इस मुद्दे पर राजनीति भी तेज हो गई थी. जन सुराज पार्टी के प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने सरकार पर छात्रों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी.
वहीं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा था. इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान के बाद स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को लेकर स्थिति साफ हो गई है.
ये भी पढ़ें- चीन में अजीत डोभाल तो रूस में जयशंकर... एक साथ एक्टिव हुए भारत के दो बड़े दिग्गज, क्या है प्लान?