Bihar STET 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी एसटीईटी 2026 के लिए आवेदन की तारीख जारी कर दी है. इस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त से शुरू होगी. इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा की तारीख बाद में जारी की जाएगी.
एसटीईटी 2026 के लिए आवेदन समिति की वेबसाइट पर ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे. परीक्षा में किसी तरह की नकारात्मक अंक व्यवस्था नहीं होगी. परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को आजीवन मान्य प्रमाणपत्र मिलेगा. इससे उन्हें आगे होने वाली बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा.
परीक्षा शुल्क कितना है?
एसटीईटी के एक प्रश्नपत्र के लिए सामान्य, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 960 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 760 रुपये रखा गया है.
दोनों प्रश्नपत्रों के लिए सामान्य, पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को 1,440 रुपये देने होंगे. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 1,140 रुपये होगा. परीक्षा शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन किया जा सकेगा.
महिलाओं के लिए अधिकतम उम्र 40 साल
एसटीईटी 2026 में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक होना जरूरी है. इसके साथ संबंधित विषय में बीएड की डिग्री भी होनी चाहिए. उम्र सीमा की बात करें तो सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र 37 वर्ष है.
सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए यह सीमा 40 वर्ष रखी गई है. पिछड़ा वर्ग के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र 40 वर्ष है. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए उम्र सीमा 42 वर्ष है.
150 सवाल होंगे, ढाई घंटे का समय
बिहार एसटीईटी 2026 में कुल 150 सवाल पूछे जाएंगे. इनमें 100 सवाल संबंधित विषय से होंगे, जबकि 50 सवाल शिक्षक कला और दूसरी जरूरी योग्यताओं से जुड़े होंगे. परीक्षा के लिए ढाई घंटे का समय दिया जाएगा.
एसटीईटी दो प्रश्नपत्रों में होगी. पेपर-1 माध्यमिक कक्षाओं के लिए और पेपर-2 उच्च माध्यमिक कक्षाओं के लिए होगा. पेपर-1 में 16 विषय और पेपर-2 में 29 विषय शामिल किए गए हैं.
पेपर-1 में ये विषय होंगे
पेपर-1 में हिंदी, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, उर्दू, बंगला, मैथिली, अरबी, फारसी, भोजपुरी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, संगीत, ललित कला और नृत्य जैसे विषय शामिल हैं.
पेपर-2 में इन विषयों की परीक्षा
पेपर-2 में हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, संस्कृत, मगही, अरबी, फारसी, बंगला, मैथिली, भोजपुरी, पाली, प्राकृत, गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, इतिहास, भूगोल, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, गृहविज्ञान, वनस्पति विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर विज्ञान, कृषि और संगीत शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- भारत की सहनशीलता को कमजोरी न समझें... ऑपरेशन सिंदूर पर NSA डोभाल का सख्त संदेश, जानें क्या कहा