RBSE 12th Result: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 12वीं का परिणाम घोषित कर दिया है. प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बटन दबाकर रिजल्ट जारी किया. परिणाम जारी होने के बाद छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना स्कोर देख सकते हैं. छात्र रोल नंबर दर्ज कर साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स तीनों स्ट्रीम का रिजल्ट चेक कर सकते हैं. इसके अलावा डिजीलॉकर और एसएमएस के जरिए भी मार्कशीट उपलब्ध कराई गई है.
मार्च में पहली बार जारी हुआ रिजल्ट
इस बार राजस्थान बोर्ड ने समय से पहले परिणाम जारी कर नया रिकॉर्ड बनाया है. बोर्ड ने 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को ध्यान में रखते हुए सभी कक्षाओं के परिणाम 31 मार्च तक घोषित करने का लक्ष्य रखा था. इससे पहले बोर्ड आमतौर पर मई में परिणाम जारी करता था, लेकिन इस बार मार्च में ही नतीजे घोषित कर दिए गए हैं.
पास प्रतिशत में हल्की गिरावट
इस साल कुल परिणाम में मामूली गिरावट देखने को मिली है. आर्ट्स स्ट्रीम में 97.54% छात्र पास हुए हैं, जबकि साइंस में 97.52% और कॉमर्स में 93.64% परीक्षार्थी सफल रहे हैं. खास बात यह है कि साइंस स्ट्रीम का रिजल्ट पिछले साल 98.43% था, जो इस बार थोड़ा कम हुआ है.
छात्राओं ने फिर मारी बाजी
हर साल की तरह इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है. साइंस स्ट्रीम में छात्राओं का पास प्रतिशत 98.34% रहा, जबकि छात्रों का 97.02% दर्ज किया गया. बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी से पास हुए हैं.
राजसमंद जिला रहा सबसे आगे
जिला स्तर पर राजसमंद ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है और 98.70% के साथ टॉप पर रहा. इसके बाद डीडवाना-कुचामन 98.58% के साथ दूसरे और सिरोही 98.52% के साथ तीसरे स्थान पर रहा. पाली और फलोदी भी शीर्ष जिलों में शामिल रहे.
5 छात्रों ने रचा अनोखा संयोग
इस साल का सबसे बड़ा आकर्षण यह रहा कि साइंस स्ट्रीम में 5 छात्रों ने एक साथ 99.80% अंक हासिल किए. सोनू मेहरा, दीपिका, दिव्या, निकिता और ऋषिता संयुक्त रूप से टॉपर बने हैं.
अन्य स्ट्रीम्स के टॉपर्स
कॉमर्स स्ट्रीम में वर्षा रानी ने 99.20% अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया. वहीं आर्ट्स स्ट्रीम में नरपत, नव्या और नैंसी ने 99.60% अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया.
ये भी पढ़ें- ईरान के न्यूक्लियर शहर में अमेरिका की एयर स्ट्राइक, इस्फ़हान पर दागे बंकर बस्टर बम, देखें VIDEO