बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई बड़े चुनावी ऐलान किए. उन्होंने विशेष तौर पर जीविका दीदियों, महिलाओं और संविदा कर्मियों को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं की घोषणा की. उनके अनुसार, अगर उनकी सरकार बिहार में आती है, तो यह ऐतिहासिक बदलाव होगा.
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर जीविका दीदियों को स्थाई नियुक्ति दी जाएगी. इसके साथ ही उन्हें 30 हजार रुपये प्रति माह का वेतन भी मिलेगा. उन्होंने बताया कि यह फैसला जीविका दीदियों के समूह से बातचीत के बाद लिया गया. इसके अलावा, उन्होंने यह भी ऐलान किया कि दीदियों को दिए गए ऋण माफ किए जाएंगे. नए ऋण पर 2 साल तक कोई ब्याज नहीं लगेगा और यह ब्याज मुक्त रहेगा. तेजस्वी यादव ने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया.
महिलाओं के लिए नई योजनाएँ: BETI और MAA
तेजस्वी यादव ने महिलाओं के लिए BETI योजना लाने की घोषणा की. इसके अलावा उन्होंने MAA योजना का ऐलान भी किया, जिसमें M का मतलब मकान, A का मतलब अन्न, और दूसरे A का मतलब आमदनी है. ये दोनों योजनाएँ महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं.
संविदा कर्मियों को स्थाई करने का ऐलान
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने संविदा कर्मियों के लिए भी बड़ा ऐलान किया. उनका कहना है कि अगर उनकी सरकार बनती है, तो सभी संविदा कर्मियों की नौकरी को स्थाई कर दिया जाएगा. यह कदम सरकारी कर्मचारियों के दर्जे और नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा.
अन्य बड़े चुनावी वादे
तेजस्वी यादव ने पहले भी कहा था कि उनकी सरकार बनने पर 20 महीने के भीतर हर परिवार में सरकारी नौकरी मिलेगी. उन्होंने मौजूदा सरकार में उनकी योजनाओं की नकल की जा रही है. तेजस्वी यादव का कहना है कि बिहार की जनता बेरोजगारी और महंगाई से त्रस्त है और परिवर्तन चाहती है.
यह भी पढ़ेंः एक दूसरे के खिलाफ बिहार चुनाव लड़ेगे पति-पत्नी, साथ में किया नामांकन, कौन हैं देवा और प्रीति गुप्ता?