CM Samrat Warn Criminals: मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी रविवार को पहली बार भागलपुर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा भी की.
नाथनगर स्थित पूरणमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास और सरकार की योजनाओं पर बात की.
अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य अपराध को पूरी तरह खत्म करना है. उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता और कानून सभी के लिए बराबर है. उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एनकाउंटर और गोली लगने पर क्या बोले?
अपराधियों के पैर में गोली लगने की घटनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए कार्रवाई की जा रही है, ताकि वे दोबारा अपराध करने से पहले सोचें.
बिहार को विकसित बनाने का लक्ष्य
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना विकसित भारत बनाने का है और इसमें बिहार की बड़ी भूमिका होगी. उन्होंने कहा कि राज्य को सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने दावा किया कि बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और सरकार हर चुनौती का जवाब देने के लिए तैयार है.
2029-30 चुनाव के लिए रखा बड़ा लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार पार्टी को 48 प्रतिशत वोट मिले थे. अब लक्ष्य है कि आने वाले चुनाव में यह आंकड़ा 70 प्रतिशत तक पहुंचे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने की अपील की.
विक्रमशिला सेतु का किया निरीक्षण
भागलपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से और वहां बन रहे बेली ब्रिज का भी निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 30 नवंबर तक सेतु पर वाहनों का संचालन शुरू कराने का है. तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद जरूरी मरम्मत और निर्माण कार्य तेजी से कराया जाएगा.
लोगों के लिए रहेगी मुफ्त व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक पुल पर यातायात शुरू नहीं हो जाता, तब तक लोगों की सुविधा के लिए सरकार की ओर से वैकल्पिक और निशुल्क व्यवस्था जारी रहेगी.
बिजली उत्पादन बढ़ाने की योजना
उन्होंने बताया कि बिहार में अभी लगभग 10 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है. सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर 20 हजार मेगावाट करना है. इसके लिए निजी और सरकारी साझेदारी मॉडल पर काम किया जाएगा.
उद्योग और रोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए नवंबर में बड़े उद्योगपतियों को बुलाया जाएगा. सरकार का लक्ष्य पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश लाना है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकें. उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े.
शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी जोर
सम्राट चौधरी ने कहा कि जिला और अनुमंडल स्तर के अस्पतालों को बेहतर बनाने का काम तेजी से चल रहा है. साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए मॉडल स्कूलों को मजबूत किया जा रहा है.
203 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन
भागलपुर में मुख्यमंत्री ने करीब 203 करोड़ रुपये की 84 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया. इनमें 69 परियोजनाओं का उद्घाटन और 15 नई योजनाओं की आधारशिला रखी गई.
ये भी पढ़ें- एक्शन मोड में बिहार सरकार, मंदिर और मठ की जमीन से हटेगा अवैध कब्जा, स्पेशल सेल का होगा गठन