पटना: बिहार में बीते कुछ दिनों से हो रही तेज बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) ने कई जिलों में तबाही मचा दी है. प्रदेश के 10 जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है. इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है. उन्होंने प्रभावित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील की है कि खराब मौसम में पूरी सावधानी बरतें और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी किए गए सुरक्षा सुझावों का गंभीरता से पालन करें. उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान घरों में रहना ही सबसे सुरक्षित उपाय है. साथ ही लोगों से अपने पशुओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखने को कहा है.
इन जिलों में हुई मौतें
राज्य सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नालंदा में सबसे ज्यादा 5 लोगों की मौत हुई है. इसके अलावा वैशाली में 4, बांका और पटना में 2-2, शेखपुरा, औरंगाबाद, समस्तीपुर, नवादा, जमुई और जहानाबाद में 1-1 व्यक्ति की मौत वज्रपात से हुई है.
राज्य के 10 जिलों में वज्रपात से 19 लोगों की मृत्यु दुःखद। आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ हूं। मृतक के परिजनों को अविलंब चार-चार लाख रु॰ अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया।
— Nitish Kumar (@NitishKumar) July 17, 2025
लोगों से अपील है कि खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर…
IMD ने जारी किया अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे बिहार में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. पटना, गया, पूर्णिया समेत राज्य के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मूसलधार बारिश की संभावना है. इसके साथ ही बिजली गिरने की घटनाओं के बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है. राज्य सरकार और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है.
सावधानी ही सुरक्षा
सरकार ने जनता से आग्रह किया है कि बारिश या आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से बचें और पक्के मकानों में शरण लें. मोबाइल या बिजली से जुड़े उपकरणों से दूरी बनाए रखें और सुरक्षित स्थान पर रहें. खराब मौसम में सतर्कता ही जीवन की रक्षा कर सकती है.
ये भी पढ़ें: बिहारवासियों को नीतीश कुमार की बड़ी सौगात, हर महीने फ्री मिलेगी 125 यूनिट बिजली