EPFO Latest News: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर है. श्रम मंत्रालय ने एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत बंद पड़े पीएफ खातों का पैसा अब सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा और इसके लिए किसी तरह की कागजी प्रक्रिया की जरूरत नहीं होगी.
इस योजना में उन निष्क्रिय (इनऑपरेटिव) खातों को शामिल किया गया है, जिनमें 1000 रुपये या उससे कम राशि जमा है. जिन खातों का आधार से लिंक है, उनमें पैसा सीधे ट्रांसफर कर दिया जाएगा. बाकी खातों में भी धीरे-धीरे यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
क्या है नई व्यवस्था
नियमों के अनुसार, अगर किसी EPFO खाते में लगातार तीन साल तक कोई लेन-देन नहीं होता, तो उसे निष्क्रिय माना जाता है. अभी इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है. शुरुआत में करीब 31 लाख निष्क्रिय खातों में से 6 लाख खातों को चुना गया है. यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो बाकी लगभग 25 लाख खातों में भी यही प्रक्रिया लागू की जाएगी.
कितनी राशि है अटकी
देशभर में करीब 31.86 लाख निष्क्रिय EPFO खाते हैं, जिनमें लगभग 10,903 करोड़ रुपये जमा हैं. इनमें से करीब 6 लाख खातों में 1000 रुपये तक की छोटी राशि है, जिसका कुल मूल्य लगभग 30.52 करोड़ रुपये है. इन खातों में कई सालों से, कुछ मामलों में 20 साल तक, कोई गतिविधि नहीं हुई है.
लोगों को क्या फायदा होगा
इस फैसले से लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. अक्सर लोग नौकरी बदलने के बाद पुराने पीएफ खाते को भूल जाते हैं या छोटी रकम निकालने के लिए कागजी प्रक्रिया से बचते हैं. अब बिना किसी आवेदन या भागदौड़ के यह पैसा सीधे उनके बैंक खाते में पहुंच जाएगा, जिससे लंबे समय से अटकी रकम आसानी से वापस मिल सकेगी.
ये भी पढ़ें- 'एक दिन' के पहले गाने के लिए आमिर खान पहुंचे अरिजीत सिंह के घर, मेकर्स ने रिलीज किया स्पेशल वीडियो