बिग बॉस 19 के दिवाली स्पेशल एपिसोड में घर के माहौल में जितनी रौशनी थी, उससे कहीं ज्यादा माहौल गरम नजर आया. खासकर जब वीकेंड का वार लेकर सलमान खान मंच पर आए और घरवालों की एक-एक करके क्लास लगाई. लेकिन इस बार सबसे ज्यादा खरी-खोटी अमाल मलिक को सुननी पड़ी.
अमाल को फटकार लगाते-लगाते सलमान खुद भी भावुक हो उठे. उन्होंने अपनी जिंदगी के कुछ ऐसे पहलुओं का ज़िक्र किया, जिन्हें वो आमतौर पर सार्वजनिक मंच पर साझा नहीं करते. सलमान ने कहा, दुनिया सिर्फ आपके रिएक्शन को याद रखती है, आपने क्या सही किया या क्या झेला – ये कोई नहीं देखता. सलमान ने अमाल को समझाते हुए आगे कहा कि उन्हें आज भी उन आरोपों की कीमत चुकानी पड़ रही है, जो या तो झूठे थे या फिर बिना सबूत के लगाए गए थे.
जो नहीं किया, उसका भी भुगतान किया”
सलमान ने बिना किसी लागलपेट के कहा कि मैंने बहुत कुछ झेला है, ऐसी बातें भी सुननी पड़ी हैं जो मैंने की ही नहीं. पर लोग जज करते हैं — चैरिटी करो तो दिखावा, इज्जत करो तो स्वार्थ, और गलती करो तो पूरी उम्र की सजा. क्या तुम तैयार हो इस सब के लिए? उन्होंने अमाल से पूछा कि क्या उनमें इतनी मानसिक ताकत है कि जब पूरी दुनिया खिलाफ हो, तब भी वो शांत रह सकें?
संजय दत्त का भी लिया ज़िक्र
सलमान ने यह भी कहा कि उन्होंने और संजय दत्त ने जो कुछ झेला है, वह किसी के बस की बात नहीं. जब हर तरफ से उंगलियां उठें, तब सिर झुकाकर काम करते रहना बहुत कठिन होता है. तुम्हें जो सुनाया जा रहा है, वो सब बहुत छोटी बातें हैं. ज़िंदगी इससे कहीं बड़ी लड़ाई है.
अमाल का विवादित व्यवहार बना वजह
गौरतलब है कि अमाल हाल ही के एक एपिसोड में फरहाना भट्ट से बुरी तरह भिड़ गए थे. उन्होंने ना सिर्फ झगड़े के दौरान फरहाना की प्लेट फेंक दी, बल्कि उनकी मां के लिए भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. सोशल मीडिया पर भी अमाल के खिलाफ गुस्सा देखने को मिला, जहां उन्हें 'महिला विरोधी' और 'अहंकारी' तक कहा गया.
सलमान की अंतिम चेतावनी
एपिसोड के अंत में सलमान ने अमाल को सख्त लहजे में चेताया और कहा कि अगर उन्हें शो में बने रहना है, तो उन्हें अपनी जुबान और रवैये पर लगाम लगानी होगी.ये घर एक खेल का हिस्सा है, लेकिन यहां जो कुछ भी होता है, वो बाहर तक जाता है और उसकी गूंज बहुत दूर तक सुनाई देती है. अब देखना यह है कि सलमान की बातें अमाल के व्यवहार में कोई बदलाव लाती हैं या नहीं. लेकिन एक बात साफ है.दिवाली की रात बिग बॉस के घर में रोशनी के साथ-साथ कई कड़वे सच भी उजागर हुए.
यह भी पढ़ें: क्या बिग-बॉस में फिर से वाइल्ड कार्ड एंट्री लेंगे जीशान कादरी? बोले- अब मैं घर जाउंगा