हार को सह नहीं पाए बाबार आजम, हजारों लोगों के सामने उतारने लगे अपना गुस्सा; देखें VIDEO

Big Bash League बिग बैश लीग 2025–26 में पाकिस्तान के खिलाड़ियों का सफर पहले ही निराशाजनक रहा है, लेकिन अब मैदान पर दिख रहा उनका रवैया भी सवालों के घेरे में आ गया है.

Big Bash League Babar Azam got angry after wicket down video viral
Image Source: Social Media

Big Bash League बिग बैश लीग 2025–26 में पाकिस्तान के खिलाड़ियों का सफर पहले ही निराशाजनक रहा है, लेकिन अब मैदान पर दिख रहा उनका रवैया भी सवालों के घेरे में आ गया है. टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज़ बाबर आज़म एक मैच के दौरान ऐसे वाकये का हिस्सा बने, जिसने उनके फैंस को चौंका दिया. खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर इस मुकाबले में आउट होने के बाद अपना गुस्सा संभाल नहीं पाए और उनकी प्रतिक्रिया कैमरों में कैद हो गई.


सिडनी थंडर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बाबर आज़म स्टीव स्मिथ के साथ क्रीज़ पर अच्छी साझेदारी निभा रहे थे. लेकिन 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर हालात बदल गए. बाबर ने एक रन लेने की कोशिश की, मगर स्मिथ ने साफ मना कर दिया. स्मिथ चाहते थे कि अगला ओवर वह खुद खेलें, ताकि बड़े शॉट्स लगाए जा सकें. इस फैसले से बाबर साफ तौर पर नाराज़ नजर आए. अगले ओवर में स्मिथ ने अपने फैसले को सही साबित करते हुए चार छक्के जड़ दिए. वहीं दूसरी ओर, बाबर आज़म थोड़ी देर बाद बोल्ड हो गए. पवेलियन लौटते वक्त उनका गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बाउंड्री लाइन पर अपना बल्ला दे मारा. यह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और बाबर के रवैये की जमकर आलोचना होने लगी.

स्ट्राइक रेट बना तनाव की वजह

स्टीव स्मिथ द्वारा सिंगल न देने की एक बड़ी वजह बाबर आज़म का धीमा स्ट्राइक रेट माना जा रहा है. जिस मुकाबले में सिडनी सिक्सर्स को लगभग 190 रन का लक्ष्य खड़ा करना था, वहां बाबर का स्ट्राइक रेट सिर्फ 120.51 रहा. टी20 फॉर्मेट के लिहाज से यह आंकड़ा काफी कम माना जा रहा है, खासकर तब जब टीम को तेजी से रन बनाने की जरूरत हो.

पूरे टूर्नामेंट में फीका प्रदर्शन

बिग बैश लीग 2025–26 में बाबर आज़म का प्रदर्शन लगातार निराश करता रहा है. उन्होंने 9 मैचों में महज 201 रन बनाए हैं, वह भी 28.7 की औसत और 107.4 के स्ट्राइक रेट से. सिर्फ बाबर ही नहीं, मोहम्मद रिज़वान भी इस टूर्नामेंट में खास प्रभाव नहीं छोड़ सके हैं. वहीं शाहीन शाह अफरीदी चोट के चलते पहले ही पाकिस्तान लौट चुके हैं और उनका गेंदबाजी प्रदर्शन भी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा.

फॉर्म के साथ एटीट्यूड भी सवालों में

क्रिकेट में फॉर्म का ऊपर-नीचे होना आम बात है, लेकिन मैदान पर खिलाड़ी का रवैया भी उतना ही अहम माना जाता है. बाबर आज़म से एक सीनियर खिलाड़ी और रोल मॉडल के तौर पर ज्यादा संयम की उम्मीद की जाती है. इस मैच में दिखा उनका गुस्सा न सिर्फ आलोचकों को मौका दे गया, बल्कि फैंस को भी निराश कर गया. अब देखने वाली बात यह होगी कि आने वाले मैचों में बाबर अपने खेल और व्यवहार, दोनों से कैसे जवाब देते हैं.

यह भी पढ़ें: 'कोहली होते तो स्मिथ का बाप भी सिंगल लेता...' बाबर की बेइज्जती से बौखलाया पाकिस्तानी एक्सपर्ट, VIDEO