बॉलीवुड में एक के बाद एक हिट फिल्में देने वाले कार्तिक आर्यन एक बार फिर सुर्खियों में हैं, और इस बार वजह सिर्फ एक नहीं बल्कि दो हैं. जहां एक तरफ उन्होंने अपनी रोमांटिक फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ की क्रोएशिया में शूटिंग पूरी कर ली है, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने अपने फेमस हॉरर-कॉमेडी अवतार ‘रूह बाबा’ की एक झलक दिखाकर फैंस के बीच रोमांच की लहर दौड़ा दी है.
क्रोएशिया में पूरा हुआ रोमांटिक फिल्म का शेड्यूल
करण जौहर के प्रोडक्शन में बन रही इस रोमांटिक फिल्म में कार्तिक अनन्या पांडे के साथ नजर आएंगे. फिल्म की शूटिंग क्रोएशिया में चल रही थी, जिसका पहला शेड्यूल अब पूरा हो चुका है. कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर कर इस शेड्यूल के समापन की जानकारी दी. शर्टलेस लुक में एक जहाज के डेक पर लेटे कार्तिक ने कैप्शन में लिखा और यह एक महीने से ज़्यादा लंबे और धमाकेदार क्रोएशियाई शेड्यूल का रैप है #TuMeriMainTeraMainTeraTuMeri” इससे पहले अनन्या पांडे ने भी अपने हिस्से की शूटिंग खत्म की और दोनों ने मिलकर 'धीमे-धीमे' गाने पर डांस कर जश्न मनाया. फिल्म 13 फरवरी 2026 को वैलेंटाइन्स डे वीकेंड पर रिलीज़ होगी, और इसके टाइटल ने पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
भूल भुलैया' फ्रेंचाइज़ी में फिर लौटे रूह बाबा?
रोमांटिक अंदाज के बीच कार्तिक ने हॉरर के चाहने वालों के लिए भी एक बड़ा सरप्राइज दे दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने 'भूल भुलैया' फ्रेंचाइज़ी के पॉपुलर किरदार 'रूह बाबा' की एक रहस्यमयी तस्वीर पोस्ट की है. इस तस्वीर में वह बाबा के आउटफिट में नजर आते हैं और उनके हाथ में एक वूडू डॉल है. इसके साथ उन्होंने लिखा आई लबबु यू. इस एक लाइन और लुक ने फैंस को हैरान कर दिया और सोशल मीडिया पर यह अनुमान तेज हो गया कि यह 'भूल भुलैया 4' की ओर इशारा है. हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस बारे में कुछ घोषित नहीं किया गया है.
'भूल भुलैया' सीरीज में कार्तिक की मौजूदगी
गौरतलब है कि कार्तिक आर्यन ने ‘भूल भुलैया 2’ में ‘रूह बाबा’ के किरदार से अक्षय कुमार की जगह ली थी और फिल्म को जबरदस्त सफलता मिली थी. इसके बाद वह ‘भूल भुलैया 3’ में भी मुख्य भूमिका में नजर आए, और अब अगर अटकलें सही साबित होती हैं, तो वह चौथी किस्त के साथ एक बार फिर अपने आइकॉनिक अवतार में दर्शकों का मनोरंजन करने को तैयार हैं.
फैंस को एक साथ रोमांस और डर का डोज
कार्तिक आर्यन के लिए यह वक्त खास है क्योंकि वह एक साथ दो अलग-अलग जॉनर में अपनी मौजूदगी दर्ज करवा रहे हैं – एक ओर जहां रोमांस में दिल जीतने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर हॉरर-कॉमेडी से एक बार फिर रूह बाबा का जादू बिखेरने का मौका.
यह भी पढ़ें: 'कानूनी कार्रवाई की जाएगी...', रिलीज से पहले क्यों ऐसी बात करने लगे फिल्म कन्नप्पा के मेकर्स? दे दी चेतावनी