प्रशांत किशोर की जन सुराज में शामिल हुए भोजपुरी सिंगर रितेश पांडे, पूर्व IPS ने भी थामा दामन

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता और गायक रितेश पांडे ने जन सुराज का दामन थाम लिया है. शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली. इस मौके पर जन सुराज के संयोजक और चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे.

Bhojpuri singer Ritesh Pandey and former IPS Jai Prakash Singh joined Jan Suraj
Image Source: Social Media

पटना: बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां अभी से तेज़ हो गई हैं. राजनीतिक दलों ने अपने मोर्चे संभाल लिए हैं और चुनावी गणित के नए समीकरण तैयार किए जा रहे हैं. इस बार मुकाबला सिर्फ एनडीए और महागठबंधन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कुछ नई ताकतें भी चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को तैयार हैं. इन्हीं में से एक है प्रशांत किशोर की अगुवाई वाली जन सुराज, जिसने आज एक बड़ा दांव खेला है.

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता और गायक रितेश पांडे ने जन सुराज का दामन थाम लिया है. शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली. इस मौके पर जन सुराज के संयोजक और चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे. साथ ही हिमाचल प्रदेश कैडर के पूर्व आईपीएस अधिकारी डॉक्टर जय प्रकाश सिंह ने भी पार्टी में शामिल होकर जन सुराज को और मज़बूती दी.

क्या है जन सुराज का प्लान?

पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस नई एंट्री की जानकारी देते हुए लिखा, भोजपुरी के मशहूर गायक और अभिनेता रितेश पांडे जी और पूर्व IPS डॉक्टर जय प्रकाश सिंह जी जन सुराज में शामिल हुए.  प्रशांत किशोर पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. उनका दावा है कि यह केवल चुनाव लड़ने की बात नहीं है, बल्कि बिहार की राजनीति में "असल बदलाव" लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. बीते महीनों में प्रशांत किशोर ने बिहार के कई जिलों का दौरा किया है और लोगों से सीधा संवाद कर अपनी राजनीतिक ज़मीन तैयार की है.

मुख्य मुकाबला किन-किन के बीच?

इस बार का विधानसभा चुनाव त्रिकोणीय हो सकता है. NDA गठबंधन में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी शामिल हैं. महागठबंधन में राजद, कांग्रेस और अन्य दल चुनाव लड़ेंगे. वहीं, जन सुराज और ओवैसी की AIMIM भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं. 

चुनाव कब होंगे?

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के अक्टूबर-नवंबर में संभावित हैं. राज्य की 243 सीटों के लिए चुनाव होंगे, जिनमें सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की ज़रूरत होती है. इस बार का चुनाव न केवल दलों के लिए, बल्कि मतदाताओं के लिए भी बेहद दिलचस्प और निर्णायक साबित हो सकता है.

ये भी पढ़ें: 'बिहार में अंतिम सांसें गिन रहा माओवाद...', मोतिहारी में बोले पीएम मोदी, RJD-कांग्रेस पर भी साधा निशाना