गैंग जो करता है, खुलेआम करता है... पवन सिंह के दावों पर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे ने जारी किया ऑडियो क्लिप

Pawan Singh Lawrence Bishnoi Gang: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह को कथित तौर पर मिली धमकी के मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है. इस प्रकरण में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले गैंगस्टर हरि बॉक्सर का एक ऑडियो मैसेज सामने आया है, जिसमें उसने साफ शब्दों में कहा है कि पवन सिंह को गैंग की ओर से किसी भी तरह की धमकी नहीं दी गई थी.

Bhojpuri Lawrence Bishnoi henchman released audio clip in case of threat to Pawan Singh
Image Source: Social Media

Pawan Singh Lawrence Bishnoi Gang: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह को कथित तौर पर मिली धमकी के मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है. इस प्रकरण में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले गैंगस्टर हरि बॉक्सर का एक ऑडियो मैसेज सामने आया है, जिसमें उसने साफ शब्दों में कहा है कि पवन सिंह को गैंग की ओर से किसी भी तरह की धमकी नहीं दी गई थी. इस ऑडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

सामने आए ऑडियो संदेश में हरि बॉक्सर का दावा है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. उसने कहा कि न तो पवन सिंह को किसी तरह का फोन किया गया और न ही कोई धमकी भरा मैसेज भेजा गया. ऑडियो में यह भी कहा गया कि गैंग का नाम बेवजह इस विवाद में घसीटा जा रहा है.

हरि बॉक्सर ने यह भी आरोप लगाया कि पवन सिंह गलत बयान दे रहे हैं और उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि हकीकत में गैंग की तरफ से कोई धमकी नहीं दी गई. उसके अनुसार, हो सकता है कि पवन सिंह ने सुरक्षा कारणों से या एहतियातन ऐसा दावा किया हो.

“गैंग जो करता है, खुलेआम करता है”

ऑडियो में हरि बॉक्सर ने यह भी कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग अगर किसी को निशाना बनाता है तो वह इसे छिपकर नहीं करता. उसने यह दावा किया कि गैंग अपने कामों को खुले तौर पर अंजाम देता है और झूठी धमकियों या मैसेज का सहारा नहीं लेता.

ऑडियो के एक हिस्से में बेहद आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल करते हुए यह भी कहा गया कि अगर गैंग किसी से दुश्मनी रखता है तो केवल धमकी नहीं दी जाती, बल्कि सीधे कार्रवाई की जाती है. हालांकि, यह गैंगस्टर का दावा है और इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

6 दिसंबर को मिले थे धमकी भरे मैसेज

इस पूरे विवाद की शुरुआत 6 दिसंबर को हुई थी, जब पवन सिंह को कथित तौर पर धमकी भरे मैसेज मिलने की खबर सामने आई थी. इन मैसेज में उनसे कहा गया था कि वे जो काम कर रहे हैं, उसे बंद करें और अभिनेता सलमान खान के साथ किसी भी तरह का काम न करें.

धमकी मिलने के वक्त पवन सिंह मुंबई में मौजूद थे और बताया गया था कि वे उस समय बिग बॉस के फिनाले में गेस्ट के तौर पर शामिल होने वाले थे. इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस और इंडस्ट्री में हलचल मच गई थी.

पुलिस शिकायत और सुरक्षा व्यवस्था

धमकी की खबर सामने आने के बाद पवन सिंह से जुड़े सूत्रों ने बताया था कि इस मामले में पुलिस को औपचारिक लिखित शिकायत नहीं दी गई, बल्कि केवल जानकारी साझा की गई थी. इसके बाद एहतियातन उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई.

पुलिस और प्रशासन की ओर से पवन सिंह की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचाव किया जा सके. उनके प्रोटोकॉल में भी बदलाव किए गए और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाने लगी.

अब सवालों के घेरे में मामला

अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जारी किए गए इस ऑडियो मैसेज के बाद मामला और उलझ गया है. एक तरफ धमकी मिलने का दावा है, तो दूसरी ओर गैंग से जुड़े बताए जा रहे व्यक्ति की ओर से साफ इनकार किया जा रहा है.

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमकी भरे मैसेज किसने भेजे थे और उनका मकसद क्या था. जांच एजेंसियों के सामने अब यह चुनौती है कि वे यह पता लगाएं कि यह मामला किसी शरारत, गलतफहमी या किसी और साजिश का हिस्सा तो नहीं था.

यह भी पढ़ें- धनश्री के बाद क्या तेजस्वी प्रकाश पर फिदा हुए पवन सिंह! बोले- अइसे मत बोल, हम जान दे देब