गुजरात के भावनगर जिले में सोमवार, 6 अक्टूबर को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को सदमे में डाल दिया. भावनगर-अलंग राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक SUV की ट्रेलर-ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि SUV का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस हादसे में कुल सात लोगों की जान चली गई.
अलंग जा रहे थे SUV सवार
बताया जा रहा है कि SUV में सवार लोग अलंग स्थित जहाज तोड़ने के कारखाने जा रहे थे. इसी दौरान हाईवे पर उनकी कार एक ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि SUV का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद शुरू की.
मौके पर छह की मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद अलंग पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, छह लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. वहीं एक घायल की हालत गंभीर थी और इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई. दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
अलंग पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ हादसे की वजह पता लगाने में जुटी है. शुरुआती तौर पर यह सामने आया है कि SUV ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकराई थी, लेकिन दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने हादसे से जुड़े जरूरी तथ्य और साक्ष्य जुटाए हैं. जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: समुद्र में बढ़ेगी भारत की ताकत! राजनाथ सिंह ने HSL में किया नई क्रेन और स्लिपवे-4 का उद्घाटन