भरतपुर में बेकाबू थार का कहर, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत; गुस्साए लोगों ने कार में लगाई आग

राजस्थान के भरतपुर जिले में दिवाली से ठीक पहले एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. एक ही परिवार के चार सदस्य, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल थे, तेज रफ्तार थार गाड़ी की चपेट में आकर मौके पर ही मौत के शिकार हो गए.

Bharatpur Thar rams bike family of four killed angry mob sets car on fire
Image Source: Social Media

राजस्थान के भरतपुर जिले में दिवाली से ठीक पहले एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. एक ही परिवार के चार सदस्य, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल थे, तेज रफ्तार थार गाड़ी की चपेट में आकर मौके पर ही मौत के शिकार हो गए. यह दुर्घटना नदबई थाना क्षेत्र के लुहासा गांव के पास घटी. हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने थार गाड़ी में आग लगा दी.

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं

भरतपुर के कुम्हेर थाना क्षेत्र के देहवा गांव के रहने वाले 32 वर्षीय नटवर सिंह अपनी पत्नी पूजा देवी (28), चार साल की बेटी परी और दो साल के बेटे दीपू के साथ ससुराल जा रहे थे. दिवाली का त्योहार मनाने निकला यह परिवार जैसे ही लुहासा गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मार दी.

टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में लगी आग

हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के साथ ही मोटरसाइकिल में आग लग गई. आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल को सूचना दी. मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक सवार परिवार की जान जा चुकी थी. सभी को नदबई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया.

हादसे में घायल हुआ थार चालक

टक्कर मारने वाली थार गाड़ी का चालक नरेश कुमार भी हादसे में घायल हुआ है. वह नदबई थाना क्षेत्र के ही लुहासा गांव का रहने वाला है. फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में जारी है. पुलिस के अनुसार, गाड़ी की रफ्तार काफी अधिक थी, जिससे वह अनियंत्रित हो गई और सीधी बाइक से जा टकराई.

भीड़ का गुस्सा, थार को किया आग के हवाले

हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने थार गाड़ी को घेर लिया और देखते ही देखते उसमें आग लगा दी. जब तक दमकल मौके पर पहुंची, गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. इस बीच, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस की कार्रवाई और बयान

नदबई सीओ अमर सिंह राठौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मृतकों की पहचान कर ली गई है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है. थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी प्रक्रिया जारी है.

ये भी पढ़ें: महंगी हुई मिठास! जयपुर में बिक रही भारत की सबसे महंगी मिठाई, 1kg का भाव सुन चौंक जाएंगे आप