CNG Automatic Cars: शहरों में रोजाना कार चलाने वालों के लिए ट्रैफिक में बार-बार क्लच दबाना और गियर बदलना किसी परेशानी से कम नहीं होता. ऐसे में अगर आप CNG की कम रनिंग कॉस्ट के साथ ऑटोमैटिक ड्राइविंग की सुविधा चाहते हैं, तो अब बाजार में कई विकल्प मौजूद हैं. खास बात यह है कि Maruti Suzuki ने Swift, Baleno और Dzire के CNG वेरिएंट में AMT गियरबॉक्स पेश कर इस सेगमेंट में विकल्प बढ़ा दिए हैं.
Tata Tiago iCNG AMT
कम बजट में CNG के साथ ऑटोमैटिक गियरबॉक्स तलाश रहे ग्राहकों के लिए Tata Tiago iCNG AMT एक विकल्प है. इसमें 1.2-लीटर इंजन के साथ 5-स्पीड AMT मिलता है और इसका दावा किया गया माइलेज 28.06 किमी/किग्रा है. Tiago iCNG में टाटा की ट्विन-सिलेंडर तकनीक भी मिलती है, जिससे CNG सिलेंडरों की प्लेसमेंट के बावजूद बूट स्पेस को लेकर राहत मिलती है.
Maruti Suzuki Swift CNG AMT
अगर आपकी प्राथमिकता माइलेज और आसान सिटी ड्राइविंग है, तो Swift CNG AMT भी लिस्ट में है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.92 लाख रुपये है. इसमें 1.2-लीटर Z-Series इंजन के साथ 5-स्पीड AMT दिया गया है और कंपनी का दावा किया गया माइलेज 35.34 किमी/किग्रा है. कार में ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग और 6 एयरबैग जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.
Maruti Suzuki Baleno CNG AMT
प्रीमियम हैचबैक पसंद करने वालों के लिए Baleno CNG AMT भी एक नया विकल्प है. इसकी शुरुआती कीमत 8.32 लाख रुपये एक्स-शोरूम है और इसमें 1.2-लीटर Z-Series इंजन के साथ 5-स्पीड AMT मिलता है. इसका दावा किया गया माइलेज 34.47 किमी/किग्रा है. हालांकि, इसमें CNG टैंक बूट में रखा गया है और स्पेयर व्हील भी वहीं मौजूद है, इसलिए लगेज स्पेस सीमित हो जाता है.
Maruti Suzuki Dzire CNG AMT
सेडान पसंद करने वालों के लिए Dzire CNG AMT खास विकल्प बनकर आई है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 8.53 लाख रुपये है और इसमें 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स दिया गया है. इसका दावा किया गया माइलेज 36.47 किमी/किग्रा है. कार में 1.2-लीटर Z-Series इंजन मिलता है और CNG वर्जन में 68.7bhp और 101Nm का आउटपुट दिया गया है.
Tata Punch iCNG AMT
SUV जैसा डिजाइन और ऊंचा ड्राइविंग पोजिशन पसंद करने वालों के लिए Tata Punch iCNG AMT भी एक विकल्प है. इसमें टाटा की ट्विन-सिलेंडर तकनीक दी गई है, जिसके चलते CNG सेटअप के बावजूद 210 लीटर बूट स्पेस मिलता है. इसके अलावा 10.25-इंच स्क्रीन, 360-डिग्री कैमरा और सीधे CNG मोड में स्टार्ट करने जैसी सुविधाएं इसे रोजाना की ड्राइविंग के लिए उपयोगी बना सकती हैं.
ये भी पढ़ें- TVS Apache RTR 160 4V का नया अवतार लॉन्च, दमदार फीचर्स से है लैस, इतनी है कीमत