अगर आप मॉल के फूड कोर्ट में जाकर McDonald's, KFC या Burger King जैसे लोकप्रिय आउटलेट्स पर खाना पसंद करते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है. ग्रेटर बेंगलुरु के कोरमंगला स्थित नेक्सस मॉल के फूड कोर्ट में नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान कचरा प्रबंधन से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया. इसके बाद 10 फूड आउटलेट्स पर कार्रवाई करते हुए 5,000 से 25,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया.
10 आउटलेट्स पर हजारों रुपये का जुर्माना
28 अगस्त को हुए निरीक्षण के बाद नगर निगम ने संबंधित आउटलेट्स के खिलाफ कार्रवाई की. चस्का बन पर सबसे ज्यादा 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं McDonald's, Burger King और Fish & Chips पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. इसके अलावा Popeyes, Good Flippin' Burgers, Wow! China, Naga's, KFC और Shiv Sagar पर 5-5 हजार रुपये की पेनल्टी लगाई गई.
गीला-सूखा कचरा नहीं किया अलग
अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान कुछ आउटलेट्स पर गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के नियम का पालन नहीं किया जा रहा था. दोनों तरह के कचरे को एक साथ मिलाने के अलावा कुछ जगहों पर प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल भी पाया गया. नगर निगम ने इन्हीं उल्लंघनों को कार्रवाई की प्रमुख वजह बताया है.
नियम तोड़े तो आगे और सख्ती
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर के अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कचरा प्रबंधन नियमों की जांच आगे भी जारी रहेगी. बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर जुर्माने के साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. अधिकारियों ने फूड आउटलेट संचालकों और कारोबारियों से गीले-सूखे कचरे को अलग रखने तथा प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने की अपील की है.
ग्राहकों के लिए भी क्यों जरूरी है यह कार्रवाई?
फूड कोर्ट में रोजाना बड़ी संख्या में लोग खाना खाते हैं और ऐसे में कचरे का सही प्रबंधन शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है. नगर निगम की इस कार्रवाई से साफ है कि नियमों की अनदेखी करने वाले बड़े ब्रांड या छोटे आउटलेट, किसी को भी छूट नहीं मिलेगी. आने वाले दिनों में होने वाले निरीक्षणों में भी कचरा अलग रखने और सिंगल-यूज प्लास्टिक से जुड़े नियमों पर खास नजर रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: Milk Prices Hike: अब दूध भी हुआ महंगा, 1 सितंबर से 9 रुपए बढ़ जाएगी कीमत, जानें अपने शहर के ताजा रेट