Rahul Banerjee Passed Away: बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी के निधन की खबर ने फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को झकझोर दिया है. जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब वह ओडिशा के तालसरी बीच पर शूटिंग कर रहे थे. शूटिंग खत्म होने के बाद वह समुद्र में चले गए, लेकिन अचानक पानी में डूब गए.
बताया जा रहा है कि जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आए तो टीम के लोगों को चिंता हुई. इसके बाद वहां मौजूद लोगों और टेक्नीशियनों ने उन्हें ढूंढने की कोशिश की. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें समुद्र से बाहर निकाला गया. उनकी हालत बेहद गंभीर थी, इसलिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में तोड़ा दम
राहुल को दीघा जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की. लेकिन इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया. इस खबर के सामने आते ही उनके परिवार, दोस्तों और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई.
43 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल अरुणोदय बनर्जी की उम्र 43 साल थी. वह इन दिनों ‘भोले बाबा पार करेगा’ नाम के सीरियल की शूटिंग कर रहे थे. इस सीरियल की शूटिंग के लिए पूरी टीम दीघा के पास तालसरी समुद्र तट पर मौजूद थी.
साथियों ने बताया हादसे का सच
शो में उनके साथ काम कर रहे कलाकार भास्कर बनर्जी ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे शूटिंग खत्म हो गई थी और सभी लोग वापस जाने की तैयारी कर रहे थे. तभी खबर मिली कि राहुल समुद्र में डूब गए हैं. यह सुनते ही पूरी टीम में हड़कंप मच गया. यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि शूटिंग के दौरान या उसके बाद भी सुरक्षा का ध्यान रखना कितना जरूरी है.
ये भी पढ़ें- UP: सीएम योगी ने 665 नर्सिंग अधिकारियों को दिए नियुक्ति पत्र, कहा- प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय तीन गुना बढ़ी