Sarfaraz Khan Vs SL: भारतीय क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव हुआ है. बीसीसीआई ने चोटिल साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को टीम में शामिल किया है. साई सुदर्शन दाहिने पैर के अंगूठे में चोट के कारण पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं.
28 साल के सरफराज खान ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच नवंबर 2024 में खेला था. वह अब तक भारत की ओर से 6 टेस्ट मैच खेल चुके हैं. लंबे समय से टीम में जगह नहीं बना पाने के बाद अब उनकी दोबारा वापसी हुई है.
गॉल जाने से पहले टीम से जुड़ेंगे सरफराज
भारतीय टीम इस समय कोलंबो में है. टीम ने हाल ही में श्रीलंका इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच खेला. अब भारतीय टीम गॉल के लिए रवाना होगी, जहां 15 अगस्त से पहला टेस्ट मैच खेला जाना है. बीसीसीआई के मुताबिक, सरफराज खान गॉल रवाना होने से पहले भारतीय टीम के शिविर में शामिल हो जाएंगे.
🚨 NEWS 🚨
— BCCI (@BCCI) August 9, 2026
Sai Sudharsan ruled out of the #SLvIND Test series; Sarfaraz Khan named replacement.
Details 🔽 #TeamIndia https://t.co/lF6h8jabZd pic.twitter.com/Dk0C4HI37p
साई सुदर्शन की चोट में सुधार
बीसीसीआई ने साई सुदर्शन की चोट को लेकर भी जानकारी दी है. सुदर्शन फिलहाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं और उनके दाहिने पैर के अंगूठे में आई चोट से तेजी से सुधार हो रहा है. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रख रही है. हालांकि, चोट के कारण वह श्रीलंका के खिलाफ पूरी टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाएंगे.
2024 में किया था टेस्ट डेब्यू
सरफराज खान ने 2024 में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था. उस साल उन्होंने 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 371 रन बनाए थे. उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक भी हैं.
नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट खेलने के बाद उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा था. इसके बाद लंबे समय तक उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली. अब साई सुदर्शन की चोट के बाद उन्हें एक बार फिर टीम में शामिल किया गया है.
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टीम
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शुभमन गिल कप्तान और केएल राहुल उप-कप्तान हैं. टीम में यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी और सरफराज खान शामिल हैं.
कब होंगे दोनों टेस्ट?
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड पर होगा.
दोनों टेस्ट मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे. मैचों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. वहीं सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देखी जा सकेगी.
ये भी पढ़ें- India Story: Buyer से Global Power बना भारत! दुनिया में छाया Made in India | Export Superpower