सिर्फ 9 गेंदों में मचाया तहलका, इस ओपनर की बैटिंग देखकर याद आ गए वैभव सूर्यवंशी, जानें कौन है बल्लेबाज

Mitchell Owen Batting: एक दौर था जब किसी भी विस्फोटक बल्लेबाजी की तुलना विराट कोहली, रोहित शर्मा, क्रिस गेल, एमएस धोनी या एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गजों से की जाती थी. लेकिन अब क्रिकेट फैंस के जहन में एक नया नाम तेजी से जगह बना रहा है, महज 14 साल का भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी.

BBL 2026 Hobart Hurricanes and Adelaide Strikers Mitchell Owen batting Vaibhav Suryavanshi
Image Source: Social Media

Mitchell Owen Batting: एक दौर था जब किसी भी विस्फोटक बल्लेबाजी की तुलना विराट कोहली, रोहित शर्मा, क्रिस गेल, एमएस धोनी या एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गजों से की जाती थी. लेकिन अब क्रिकेट फैंस के जहन में एक नया नाम तेजी से जगह बना रहा है, महज 14 साल का भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी. छोटे से करियर में ही वैभव ने जिस तरह की आक्रामक बल्लेबाजी दिखाई है, उसने फैंस की सोच बदल दी है. अब जब भी कोई बल्लेबाज कुछ अलग और तूफानी करता है, तो तुलना वैभव सूर्यवंशी से होने लगती है.

कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला बिग बैश लीग (BBL) 2025-26 के एक मुकाबले में, जहां ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मिचेल ओवन ने अपनी छोटी लेकिन विस्फोटक पारी से क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया.

बिग बैश में मिचेल ओवन का तूफानी आगाज

शुक्रवार, 9 जनवरी को खेले गए मुकाबले में होबार्ट हरिकेन्स और एडिलेड स्ट्राइकर्स आमने-सामने थे. होबार्ट की ओर से पारी की शुरुआत करने आए 24 साल के दाएं हाथ के बल्लेबाज मिचेल ओवन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया.

हालांकि ओवन की पारी ज्यादा लंबी नहीं रही और वे तीसरे ओवर में ही आउट हो गए, लेकिन इससे पहले उन्होंने महज 9 गेंदों में 33 रन ठोककर एडिलेड के गेंदबाजों की लय पूरी तरह बिगाड़ दी.

चौकों से ज्यादा छक्कों की बरसात

IPL में पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके मिचेल ओवन ने इस पारी में रन बटोरने के लिए सिर्फ एक ही तरीका चुना, चौके और छक्के. दूसरे ओवर में उन्होंने लगातार चार गेंदों पर दो चौके और दो छक्के जड़ दिए. इसके बाद अगले ओवर की पहली दो गेंदों पर भी उन्होंने लगातार दो छक्के लगाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया.

हालांकि इसी ओवर की तीसरी गेंद पर उनका विकेट गिर गया, लेकिन तब तक वे अपना काम कर चुके थे. उनकी 33 रनों की पारी में 4 छक्के और 2 चौके शामिल थे. खास बात यह रही कि उनके 33 में से 32 रन बाउंड्री से आए, जो उनकी आक्रामक सोच को साफ दिखाता है.

ढाई ओवर में 42 रन, होबार्ट को मिली तेज शुरुआत

मिचेल ओवन की इस ताबड़तोड़ शुरुआत का असर सीधे टीम के स्कोरबोर्ड पर दिखा. महज ढाई ओवर में ही होबार्ट हरिकेन्स ने 42 रन बना लिए. हालांकि इसके बाद बाकी बल्लेबाज उस रफ्तार को कायम नहीं रख सके.

होबार्ट की ओर से रेहान अहमद ने 17 गेंदों में 29 रन बनाए. वहीं पूर्व कप्तान मैथ्यू वेड ने 19 गेंदों पर 27 रनों की उपयोगी पारी खेली. इन योगदानों की मदद से होबार्ट हरिकेन्स ने अपने 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया.

एडिलेड की गेंदबाजी

एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से गेंदबाजी में जेमी ओवरटन सबसे प्रभावी रहे. उन्होंने अपने 2 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 2 विकेट झटके और रन गति पर कुछ हद तक अंकुश लगाया.

फैंस को आई वैभव सूर्यवंशी की याद

मिचेल ओवन की इस छोटी लेकिन विस्फोटक पारी के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने उनकी तुलना युवा भारतीय सनसनी वैभव सूर्यवंशी से करनी शुरू कर दी. जिस तरह कम गेंदों में अधिकतम बाउंड्री लगाने का ट्रेंड अब दिख रहा है, उसने क्रिकेट के बदलते स्वरूप की एक और झलक पेश कर दी है. भले ही ओवन की पारी सिर्फ 9 गेंदों की रही हो, लेकिन उसका असर पूरे मैच और फैंस के दिमाग पर लंबे समय तक रहने वाला है.

ये भी पढ़ें- ईरान की सड़कों पर कब्जा, सरकारी टीवी की बिल्डिंग में आग... खामेनेई के खिलाफ प्रदर्शनकारियों का विद्रोह