Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जो रिश्तों की परंपरागत सीमाओं को तोड़ते हुए पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. यहां जीजा अपनी साली को भगाने के एक दिन बाद साला जीजा की बहन को लेकर फरार हो गया. दोनों युवतियां अपने प्रेमियों के साथ रहने पर अड़ी हुई हैं, जबकि परिवार समझाने की कोशिशों में जुटे हैं. नवाबगंज थाना क्षेत्र के इस घटनाक्रम ने न केवल परिवारों को हिला दिया है, बल्कि समाज में प्रेम और रिश्तों की परिभाषा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
शादीशुदा जिंदगी से शुरू हुई प्रेम की गुत्थी
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल पहले एक युवक की शादी पड़ोस के गांव की युवती से हुई थी. शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था और दंपति के दो बच्चे भी पैदा हो चुके थे. लेकिन समय के साथ युवक की नजदीकियां अपनी पत्नी की छोटी साली से बढ़ गईं. दोनों के बीच प्यार पनप गया, जो परिवार की नजरों से छिपा नहीं रह सका. यह रिश्ता धीरे-धीरे जटिल होता चला गया और परिवार में तनाव पैदा करने लगा.
दूसरा ट्विस्ट: साले का बहन के साथ प्रेम
कहानी में नया मोड़ तब आया जब युवक की बहन और उसकी पत्नी का छोटा भाई यानी साला के बीच भी प्रेम का रिश्ता जुड़ गया. 23 अगस्त को युवक अपनी छोटी साली को लेकर घर से भाग गया, जिससे परिवार स्तब्ध रह गया. परिजन अभी खोजबीन में जुटे ही थे कि अगले दिन 24 अगस्त को साला युवक की बहन को लेकर फरार हो गया. महज 24 घंटों में रिश्तों का पूरा समीकरण उलट-पुलट हो गया, और दोनों परिवारों के बीच हड़कंप मच गया.
पुलिस के सामने युवतियों की जिद
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई. दोनों परिवारों ने खोजबीन शुरू की और 15 दिन बाद पुलिस ने चारों युवकों-युवतियों को ढूंढकर कोतवाली ले आई. वहां परिवारों के बीच बातचीत हुई, लेकिन दोनों युवतियां अपने फैसले पर अड़ी रहीं. जीजा के साथ गई साली ने साफ कहा कि वह उसी के साथ रहना चाहती है, जबकि साले के साथ गई बहन ने भी प्रेमी का साथ न छोड़ने का ऐलान कर दिया. थानेदार अरुण कुमार ने बताया कि अभी तक कोई औपचारिक तहरीर नहीं मिली है. पुलिस पूछताछ कर रही है और परिवारों को समझाने का प्रयास जारी है. तहरीर मिलने पर ही आगे की कार्रवाई होगी.
ये भी पढ़ें: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 16 IAS अफसरों का हुआ तबादला, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी