Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ, जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार सहित विमान में सवार सभी पाँच लोगों की मौत हो गई. हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विमान आग के गोले में बदलता दिखाई दे रहा है. यह दृश्य देखने वालों का दिल दहलाने वाला है.
घटना बुधवार सुबह लगभग 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट (पुणे जिला) पर हुई. अजित पवार मुंबई से बारामती आगामी जिला परिषद चुनावों के प्रचार के लिए आए थे. वह निजी चार्टर विमान में सवार थे. लैंडिंग के दौरान विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और रनवे के पास चट्टान से टकरा गया, जिससे विमान के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हुए और उसमें आग लग गई. विमान में कुल पांच लोग सवार थे, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार, एक पर्सनल बॉडीगार्ड, एक केबिन क्रू और दो कैप्टन शामिल थे. सभी की मौके पर ही मौत हो गई.
CCTV footage of the collision impact of the chartered aircraft, carrying Maharashtra deputy CM Ajit Pawar and 4 others, which crash landed. pic.twitter.com/vf9X7TGffJ
— Believer (@PredatorVolk) January 28, 2026
अजित पवार की बारामती यात्रा
अजित पवार आगामी जिला परिषद चुनावों के प्रचार के लिए मुंबई से बारामती गए थे. उनकी अचानक और दर्दनाक मौत से महाराष्ट्र में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर शोक की लहर फैल गई.
मुख्यमंत्री फडणवीस का शोक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, “दादा चले गए! एक जमीन से जुड़े नेता, मेरे दोस्त और साथी, डिप्टी चीफ मिनिस्टर अजित दादा पवार की प्लेन क्रैश में मौत बहुत दिल दहला देने वाली है. यह दिल तोड़ने वाला है. मेरा दिल सुन्न हो गया है. अपनी फीलिंग्स बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं.”
फडणवीस ने कहा कि यह उनके लिए पर्सनल लॉस है और महाराष्ट्र के लिए आज का दिन बेहद कठिन है. उन्होंने अजित पवार और अन्य चार मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं.
हादसे की जांच और शुरुआती जानकारी
DGCA और स्थानीय प्रशासन ने हादसे की तुरंत जांच शुरू कर दी है. शुरुआती रिपोर्ट में लैंडिंग के समय तकनीकी खराबी या पायलट की त्रुटि को संभावित कारण बताया जा रहा है. हादसे में विमान पूरी तरह जल गया और मौके पर किसी को बचाने की स्थिति नहीं बनी.
स्थानीय और राजनीतिक प्रतिक्रिया
बारामती में हादसे की खबर मिलते ही लोग अस्पताल और एयरपोर्ट पर इकट्ठा हो गए. एनसीपी और अन्य राजनीतिक दलों ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के माध्यम से शोक जताया. सोशल मीडिया पर भी समर्थक और नागरिक अपने दुख को व्यक्त कर रहे हैं. राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है. इस दौरान सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित रहेंगे और प्रशासन की ओर से सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
ये भी पढ़ें- संसद के बजट सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण, कहा- भारत सरकार का लक्ष्य देश को विकसित करना