Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. कैंची धाम दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की इनोवा कार सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर से जा भिड़ी. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.
यह दर्दनाक दुर्घटना हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के भिखरा गांव के पास सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे हुई. बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं से भरी इनोवा कार सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रही थी, तभी तेज रफ्तार के कारण वह आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई. हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में चंदौली निवासी राहुल कुमार, गाजीपुर निवासी राहुल सिंह, बलिया निवासी सत्यम सिंह और सुल्तानपुर निवासी सूरज मिश्रा शामिल हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया. कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों घायलों को लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया. घायलों की पहचान मिर्जापुर निवासी पंकज और चंदन सिंह तथा बलिया निवासी प्रशांत के रूप में हुई है. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है. वहीं ट्रेलर चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है. इस हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के घर पहुंची, परिवारों में मातम छा गया. श्रद्धा और आस्था के सफर पर निकले लोगों की इस दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.
ये भी पढ़ें: सवाल उठाने वालों को अपना दौर याद... बिजली संकट के बीच सीएम योगी ने विपक्ष को दिया जवाब, जानें क्या कहा