पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है. रविवार तड़के सीमा पर ड्यूटी के दौरान सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान को कथित तौर पर बांग्लादेशी तस्करों द्वारा जबरन सीमा पार ले जाया गया. हालांकि कुछ समय बाद जवान को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हवाले कर दिया गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से भारत वापस लाया गया.
सूत्रों के अनुसार यह घटना तड़के उस समय हुई जब सीमा क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी. इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए कुछ तस्करों ने बीएसएफ जवान को अपने कब्जे में ले लिया और उसे भारत-बांग्लादेश सीमा पार करा दिया. सीमा पार पहुंचने के बाद जवान को बांग्लादेश की सीमा सुरक्षा एजेंसी बीजीबी के सुपुर्द कर दिया गया.
BSF जवान की सुरक्षित वापसी
जानकारी के मुताबिक बीजीबी और बीएसएफ के बीच आपसी समन्वय के बाद जवान को भारत वापस लाया गया. राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में जवान को कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा. हालांकि, इस मामले पर बीएसएफ की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
मेखलीगंज क्षेत्र में हुई घटना
सूत्रों का कहना है कि यह घटना पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के मेखलीगंज इलाके में भारत-बांग्लादेश सीमा पर हुई. संबंधित जवान अर्जुन कैंप से जुड़े बताए जा रहे हैं और वे बीएसएफ की 174वीं बटालियन में तैनात हैं. यह इलाका पहले भी तस्करी गतिविधियों को लेकर संवेदनशील माना जाता रहा है.
सीमा सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस घटना ने सीमा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. घने कोहरे और सीमावर्ती इलाकों की भौगोलिक स्थिति के चलते तस्करी की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं. ऐसे हालात में सुरक्षाबलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ती है.
बांग्लादेश में मौजूदा तनावपूर्ण हालात
इस बीच बांग्लादेश में मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है. चटगांव स्थित पोर्ट सिटी में भारतीय वीजा सेंटर को रविवार से अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश के कई हिस्सों में आगजनी और हिंसा की घटनाएं हुई हैं.
भारतीय संस्थानों को बनाया गया निशाना
हाल ही में कट्टरपंथी समूहों द्वारा भारतीय हाई कमीशन के घेराव की कोशिश की गई, हालांकि पुलिस ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया. इससे पहले ढाका और अन्य स्थानों पर भी भारतीय वीजा केंद्रों को अस्थायी रूप से बंद किया गया था. शुक्रवार को इंडियन असिस्टेंट हाई कमीशन के बाहर हुई हिंसा में दो पुलिसकर्मियों सहित कम से कम चार लोग घायल हुए थे.
ये भी पढ़ें- Delhi weather: घना कोहरा, जहरीली हवा और लगातार गिरता तापमान... दिल्ली में कोल्ड अलर्ट जारी!