Bangladesh Out of T20 World Cup: बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत वह भारत में होने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भाग नहीं लेगी. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बांग्लादेश को इस मामले में 24 घंटे का समय दिया था, लेकिन ढाका में हुई बीसीबी और बांग्लादेश सरकार की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बांग्लादेश का कोई भी खिलाड़ी भारत में वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगा. इस फैसले के बाद, आईसीसी अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को इस टूर्नामेंट में शामिल करेगा.
बांग्लादेश ने आईसीसी पर उठाए सवाल
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष ने अपनी सरकार के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की कि बांग्लादेश क्रिकेट टीम भारत में टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी मैच में भाग नहीं लेगी. बीसीबी के अध्यक्ष ने कहा, ‘आईसीसी ने हमारे मुकाबले भारत से शिफ्ट नहीं किए. हम वर्ल्ड क्रिकेट के बारे में नहीं जानते, इसकी पॉपुलैरिटी कम होती जा रही है. आईसीसी ने 20 करोड़ लोगों को निराश किया है. क्रिकेट अब ओलंपिक में जा रहा है लेकिन अगर हमारा जैसा देश वहां नहीं जा रहा है तो ये आईसीसी की नाकामी है.’
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष ने आगे कहा कि वो लड़ाई जारी रखेंगे. उन्होंने आईसीसी मीटिंग में उठाए गए फैसलों पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि आईसीसी की मीटिंग में गलत फैसले लिए गए. बीसीबी अध्यक्ष के मुताबिक आईसीसी की बैठक में सिर्फ बीसीसीआई की बात मानी गई.
इसमें हमारा नहीं, ICC का नुकसान
बांग्लादेश सरकार ने स्टेटमेंट जारी कर कहा कि वो विश्व क्रिकेट की स्थिति के बारे में निश्चित नहीं हैं, लेकिन इस खेल की लोकप्रियता निश्चित ही घट रही है. उन्होंने 20 करोड़ लोगों को कैद कर दिया है. क्रिकेट ओलंपिक्स में जा रहा है, लेकिन बांग्लादेश जैसा देश भाग नहीं लेगा, तो इसमें ICC का नुकसान है. यह भी कहा गया कि बांग्लादेश सरकार लगातार ICC के संपर्क में रहेगी, क्योंकि उनकी टीम वर्ल्ड कप में खेलना चाहती है, लेकिन भारत में नहीं खेलेगी.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: दगाबाज पाकिस्तान ने बांग्लादेश को दिया धोखा! टी20 वर्ल्ड कप से वापस नहीं लेगा नाम