India Bangladesh Relations: बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भारत के साथ रिश्तों को बेहतर बनाने की इच्छा जताई है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए एक बेहतर और सकारात्मक माहौल तैयार करने की जरूरत है.
तारिक रहमान ने सोमवार को बांग्लादेश में भारत के नए उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई. बांग्लादेश ने भारत से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण के मामले में भी सहयोग की मांग की.
रहमान के ये बयान ऐसे समय में आए हैं, जब उनकी सरकार भारत के साथ रिश्तों को सामान्य और मजबूत करने की कोशिश कर रही है. अगस्त 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के संबंधों में कई मुद्दों को लेकर तनाव देखने को मिला था.
रिश्ते सुधारने के लिए बेहतर माहौल जरूरी
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, तारिक रहमान ने भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए अनुकूल माहौल बनाने की जरूरत बताई. बैठक के दौरान ढाका की ओर से शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा भी उठाया गया. बांग्लादेश ने नई दिल्ली से इस मामले में प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और सहयोग करने की अपील की है.
शेख हसीना सत्ता से हटने के बाद भारत में रह रही हैं. बांग्लादेश में उनके खिलाफ कई कानूनी मामले चल रहे हैं. पिछले साल नवंबर में उन्हें एक मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी.
शेख हसीना के बयान के बाद फिर उठा प्रत्यर्पण का मुद्दा
शेख हसीना के हाल में सार्वजनिक रूप से सामने आने के बाद उनका प्रत्यर्पण एक बार फिर चर्चा में आ गया. बांग्लादेश छोड़ने के बाद उन्होंने पहली बार मीडिया से जुड़ी एक ऑनलाइन ऑडियो कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया.
इस दौरान हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कही थी. उनके इस बयान के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक हलचल बढ़ गई और भारत में उनकी मौजूदगी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई.
हसीना के कार्यक्रम पर भारत से नाराज था बांग्लादेश
शेख हसीना के ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर बांग्लादेश ने भारत के सामने नाराजगी जताई थी. बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि हसीना को कार्यक्रम में बोलने की अनुमति दिए जाने से वह निराश है. इसके जवाब में भारत ने कहा था कि वह बांग्लादेश की ओर से भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोध की अपनी कानूनी और न्यायिक प्रक्रिया के तहत समीक्षा कर रहा है.
भारतीय उच्चायुक्त ने की पीएम से मुलाकात
तारिक रहमान और दिनेश त्रिवेदी की मुलाकात को दोनों देशों के बीच बातचीत के लिहाज से अहम माना जा रहा है. ऐसे समय में जब भारत और बांग्लादेश के बीच कई मुद्दे हैं, दोनों पक्ष बातचीत का रास्ता खुला रखना चाहते हैं.
भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर काम करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.
इस मुलाकात से संकेत मिलता है कि दोनों देश अपने रिश्तों में आई दूरी को कम करने और आपसी मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. अब आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि भारत-बांग्लादेश संबंध किस दिशा में आगे बढ़ते हैं और शेख हसीना के प्रत्यर्पण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर क्या प्रगति होती है.
ये भी पढ़ें- ड्रोन, मिसाइल से फाइटर जेट तक... एडवांस्ड हथियारों से लैस होगी भारतीय सेना, हाइब्रिड वॉर की तैयारी तेज