शेख हसीना की वतन वापसी के ऐलान से घबराए PM तारिक रहमान? मीडिया पर लगाम कसने की तैयारी!

Bangladesh Media Censorship: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश लौटने की बात सामने आने के बाद वहां की सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने मीडिया संस्थानों को शेख हसीना के बयान, भाषण या इंटरव्यू का प्रसारण और प्रकाशन नहीं करने के निर्देश दिए हैं.

Bangladesh PM Tariq Rahman rattled by the announcement of Sheikh Hasina return
Image Source: Social Media

Bangladesh Media Censorship: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश लौटने की बात सामने आने के बाद वहां की सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने मीडिया संस्थानों को शेख हसीना के बयान, भाषण या इंटरव्यू का प्रसारण और प्रकाशन नहीं करने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए अदालत के पुराने आदेश का पालन करने को कहा गया है.

सरकार ने प्रिंट, टीवी, ऑनलाइन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कहा है कि वे अदालत के आदेशों का सख्ती से पालन करें. अगर कोई इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है.

सरकार ने क्या कहा?

सरकार का कहना है कि वर्ष 2024 में इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल (ICT) ने शेख हसीना के बयानों के प्रसारण पर रोक लगाई थी. इसके अलावा अदालत से दोषी ठहराए गए और फरार घोषित किसी भी व्यक्ति के बयान, इंटरव्यू या ऑडियो-वीडियो संदेश के प्रसारण पर भी कानूनी रोक है. इसी वजह से सभी मीडिया संस्थानों को इन नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है.

शेख हसीना ने क्या कहा था?

हाल ही में शेख हसीना ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि वह बांग्लादेश लौटना चाहती हैं. उनके इस बयान को कई मीडिया संस्थानों ने प्रकाशित और प्रसारित किया, जिसके बाद सरकार ने नई चेतावनी जारी की.

वापसी को लेकर क्या कहा जा रहा है?

लंदन में रहने वाले वरिष्ठ बांग्लादेशी पत्रकार सैयद बदरुल अहसान का कहना है कि शेख हसीना का लौटने का फैसला दिखाता है कि वह अब भी देश की अहम राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं. उन्होंने कहा कि अगर शेख हसीना वापस आती हैं, तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी होगी.

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अतीत में शेख हसीना पर कई बार जानलेवा हमले हो चुके हैं. ऐसे में उनकी संभावित वापसी को लेकर सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा. फिलहाल बांग्लादेश में शेख हसीना से जुड़े मामलों और उनके बयानों को लेकर राजनीतिक और कानूनी बहस लगातार तेज होती जा रही है.

ये भी पढ़ें- Surya Grahan: दो साल बाद लगेगा पूर्ण सूर्य ग्रहण, आसमान में होगा दुर्लभ नजारा, क्या भारत में दिखेगा?