नई दिल्ली, भारत 24 डिजिटल डेस्क: अयोध्या के राम मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) में आज रामलला विराजमान हो जाएंगे. इससे पहले ही राम मंदिर के लिए दुनियाभर से लोगों ने उपहार और दान भेजा. किसी ने कांच के शीशे पर श्रीरामचरितमानस को उकेरा, किसी ने रामलला को पोशाक भेंट की, कोई अपने सिर पर लाखों की चरण पादुकाएं रखकर पैदल अयोध्या पहुंचा. राम भक्त अपनी क्षमता के अनुसार राम मंदिर के लिए दान दे रहे हैं. इस बीच एक हीरा व्यापारी द्वारा किए गए दान को राम मंदिर के लिए सबसे बड़ा दान माना जा रहा है.
101 किलो सोना किया दान
सूरत के हीरा व्यापारी (Diamond Merchant) लाखी परिवार ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के लिए 101 किलो सोना दान किया है. कहा जा रहा है कि यह दान राम मंदिर ट्रस्ट को अब तक मिला सबसे बड़ा दान है. दिलीप कुमार वी. लाखी (Dilip Kumar V. Lakhi) के द्वारा भेट किए गए 101 किलो सोने का उपयोग राम मंदिर के दरवाजे, गर्भगृह, त्रिशूल, डमरू और स्तंभों को चमकाने के लिए किया गया है. बता दें कि दिलीप गुजरात के सूरत की सबसे बड़ी हीरा फैक्ट्रियों में से एक के मालिक हैं.
करीब 68 करोड़ रुपए का दान
सोने की कीमत की बात करें तो वर्तमान में यह करीब 68 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है. इस तरह से देखा जाए तो एक किलो सोने की कीमत करीब 68 लाख रुपए हुई. ऐसे में लाखी परिवार ने राम मंदिर को करीब 68 करोड़ रुपए का 101 किलो सोना दान किया. राम मंदिर को दूसरा सबसे बड़ा दान कथावाचक और आध्यात्मिक गुरु मोरारी बापू ने किया है. उन्होंने राम मंदिर के लिए 11.3 करोड़ रुपये दान किए. बता दें कि भारत ही नहीं विदेश से भी राम मंदिर के लिए दान आ रहा है.