कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी निजी ज़िंदगी का एक नया अध्याय शुरू कर दिया है. रेहान ने अपनी लॉन्गटाइम पार्टनर अवीवा बेग के साथ सगाई कर ली है. इस खास पल की जानकारी खुद परिवार के सदस्यों ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की, जिसके बाद यह खबर सार्वजनिक हुई.
रेहान और अवीवा की सगाई 29 दिसंबर 2026 को राजस्थान में आयोजित एक निजी समारोह में संपन्न हुई. इस मौके पर केवल करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य मौजूद थे. सगाई की तस्वीरें खुद रेहान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा कीं, जिसमें उन्होंने रिंग का इमोजी बनाते हुए तारीख का जिक्र किया.
प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा ने दी शुभकामनाएं
सगाई की तस्वीरें साझा करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने भावुक संदेश लिखा. उन्होंने दोनों को प्यार और आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे हमेशा एक-दूसरे के प्रति प्रेम और सम्मान बनाए रखें. प्रियंका ने यह भी उल्लेख किया कि रेहान और अवीवा बचपन से ही अच्छे दोस्त रहे हैं और यही दोस्ती उनके रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है.वहीं रॉबर्ट वाड्रा ने बेटे के नए जीवन की शुरुआत पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि रेहान को अपनी जीवनसंगिनी मिल गई है और वे दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं. रॉबर्ट वाड्रा ने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह जोड़ी प्रेम, विश्वास और साथ के साथ जीवन की हर यात्रा को मजबूती से तय करे.
परिवार की सहमति के बाद हुआ रिश्ता तय
रेहान और अवीवा के रिश्ते को लेकर यह पहली बार है जब परिवार के किसी सदस्य ने सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है. दोनों परिवारों की आपसी सहमति के बाद ही सगाई की रस्म पूरी की गई. शादी को लेकर भी दोनों परिवारों ने अपनी मंजूरी दे दी है, हालांकि विवाह की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.बताया जा रहा है कि रेहान और अवीवा पिछले सात वर्षों से एक-दूसरे के साथ हैं. हाल ही में रेहान ने अवीवा को शादी के लिए प्रपोज किया था, जिसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को एक नया मुकाम देने का फैसला किया.
कौन हैं रेहान वाड्रा?
25 वर्षीय रेहान वाड्रा एक इंस्टॉलेशन और विजुअल आर्टिस्ट हैं. वे ‘डार्क परसेप्शन’ नाम से अपनी सोलो आर्ट एग्जीबिशन आयोजित कर चुके हैं. उन्हें नेचर फोटोग्राफी और यात्रा का खास शौक है.रेहान ने अपनी शुरुआती पढ़ाई दिल्ली से की, इसके बाद उन्होंने देहरादून और फिर लंदन से उच्च शिक्षा प्राप्त की. कला और फोटोग्राफी के प्रति उनका गहरा झुकाव उनके काम में साफ झलकता है.
अवीवा बेग भी कला और फोटोग्राफी की दुनिया से जुड़ी
अवीवा बेग का जन्म और पालन-पोषण दिल्ली में हुआ है. वह एक फाइन आर्ट फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर हैं. अपनी वेबसाइट avivabaig.com पर वह खुद को दिल्ली स्थित फोटोग्राफर बताती हैं.अवीवा ‘अटेलियर 11’ की को-फाउंडर भी हैं, जो एक फोटोग्राफिक स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी है. यह कंपनी देशभर के कई बड़े ब्रांड्स, एजेंसियों और क्लाइंट्स के साथ काम करती है.
यह भी पढ़ें: चीन के सीजफायर वाले दावे पर भारत का करारा जवाब, पाकिस्तान को भी जमकर सुनाया