फोन आपका लेकिन कंट्रोल कर रहा कोई और, इन संकेतों को देखते ही हो जाएं सावधान

Spyware On Smartphone: आज के दौर में स्मार्टफोन केवल कॉल करने या मैसेज भेजने का जरिया नहीं रह गया है. हमारी बैंकिंग, ऑनलाइन पेमेंट, सोशल मीडिया अकाउंट, ईमेल, फोटो, लोकेशन और निजी बातचीत सब कुछ इसी एक डिवाइस से जुड़ा हुआ है.

Auto Your phone is yours but someone else is controlling it be careful when you see these signs
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Spyware On Smartphone: आज के दौर में स्मार्टफोन केवल कॉल करने या मैसेज भेजने का जरिया नहीं रह गया है. हमारी बैंकिंग, ऑनलाइन पेमेंट, सोशल मीडिया अकाउंट, ईमेल, फोटो, लोकेशन और निजी बातचीत सब कुछ इसी एक डिवाइस से जुड़ा हुआ है. उम्र, पेशा या वर्ग चाहे जो भी हो, स्मार्टफोन हर किसी की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है.

लेकिन क्या हो अगर यही फोन चुपचाप आपकी निजी जानकारी किसी और तक पहुंचा रहा हो? क्या हो अगर आपकी बैंक डिटेल्स, पासवर्ड और आपकी हर डिजिटल एक्टिविटी पर कोई और नजर रख रहा हो? यह सुनने में डरावना लग सकता है, लेकिन टेक्नोलॉजी की दुनिया में ऐसा होना बिल्कुल मुमकिन है.

स्पाइवेयर क्या है और यह कितना खतरनाक हो सकता है

स्पाइवेयर एक ऐसा खतरनाक सॉफ्टवेयर होता है, जो आपके फोन में छिपकर काम करता है. यह बिल्कुल आपके पॉकेट में छिपे किसी ट्रांसमीटर की तरह होता है, जो आपकी हर गतिविधि की जानकारी हैकर्स तक पहुंचाता रहता है. अगर आपका स्मार्टफोन एक बार कॉम्प्रोमाइज हो जाता है, तो आपकी लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड, मैसेज, सोशल मीडिया पोस्ट और यहां तक कि बैंकिंग पासवर्ड तक सुरक्षित नहीं रहते.

स्पाइवेयर, मालवेयर या वायरस अक्सर किसी फर्जी ऐप, संदिग्ध लिंक या अनजान वेबसाइट के जरिए फोन में एंट्री कर लेते हैं. यूजर को इसका अहसास तक नहीं होता और फोन चुपचाप हैकर्स के लिए डेटा भेजता रहता है.

कैसे समझें कि आपका फोन कॉम्प्रोमाइज हो चुका है

अगर आपके फोन में स्पाइवेयर मौजूद है, तो उसके कुछ संकेत धीरे-धीरे सामने आने लगते हैं. सबसे पहला संकेत बैटरी से जुड़ा होता है. अगर बिना ज्यादा इस्तेमाल के भी फोन की बैटरी तेजी से खत्म हो रही है, तो यह खतरे की घंटी हो सकती है. इसके साथ ही अगर आपका मोबाइल डेटा अचानक ज्यादा खर्च होने लगे, जबकि आपने खुद ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल नहीं किया हो, तो यह भी संदिग्ध स्थिति हो सकती है. कई बार फोन बिना वजह गर्म होने लगता है या हैंग करने लगता है.

कुछ यूजर्स को कॉल के दौरान अजीब सी आवाजें सुनाई देती हैं, जैसे क्लिक या स्टैटिक साउंड. वहीं कई बार स्क्रीन अपने आप ऑन-ऑफ होने लगती है, फोन स्लो हो जाता है या ऐप्स बार-बार क्रैश करने लगते हैं. यह जरूरी नहीं कि इनमें से एक लक्षण दिखते ही फोन हैक हो गया हो, लेकिन अगर ये समस्याएं लगातार कई दिनों तक नजर आ रही हैं, तो यह संकेत हो सकता है कि फोन किसी स्पाइवेयर की चपेट में है.

कैसे पक्का करें कि फोन में स्पाइवेयर मौजूद है

आजकल के स्मार्टफोन्स में सिक्योरिटी से जुड़े कई एडवांस फीचर्स दिए जाते हैं, जिनकी मदद से आप खुद भी जांच कर सकते हैं. एंड्रॉयड फोन यूजर्स को सबसे पहले सेटिंग्स में जाकर ऐप्स की लिस्ट देखनी चाहिए. अगर वहां कोई ऐसा ऐप नजर आए, जिसे आपने कभी डाउनलोड नहीं किया, तो वह स्पाइवेयर हो सकता है.

आईफोन में थर्ड पार्टी ऐप्स का अपने आप इंस्टॉल होना मुश्किल होता है, लेकिन अगर फोन जेलब्रेक किया गया हो, तो खतरा बढ़ जाता है. इसके अलावा ऐप्स को दी गई परमिशन भी बहुत कुछ बता देती है.

अगर कोई साधारण ऐप, जैसे टॉर्च या वॉलपेपर ऐप, कैमरा, माइक्रोफोन या कॉन्टैक्ट्स का एक्सेस मांग रहा है, तो यह बेहद संदिग्ध है. प्राइवेसी और सिक्योरिटी सेटिंग्स में जाकर यह देखा जा सकता है कि कौन सा ऐप कौन-सी परमिशन का इस्तेमाल कर रहा है.

स्पाइवेयर मिल जाए तो तुरंत क्या कदम उठाएं

अगर जांच के दौरान आपको किसी स्पाइवेयर या संदिग्ध ऐप का पता चलता है, तो उसे तुरंत डिलीट करना सबसे पहला कदम होना चाहिए. कई बार ये ऐप्स आसानी से रिमूव नहीं होते, ऐसे में फोन को फैक्ट्री रिसेट करना एक सुरक्षित विकल्प हो सकता है.

अगर आपको तकनीकी जानकारी कम है या समस्या ज्यादा गंभीर लग रही है, तो फोन को अधिकृत सर्विस सेंटर ले जाना सबसे बेहतर फैसला होता है. वहां एक्सपर्ट्स आपके डिवाइस को अच्छे से जांचकर सुरक्षित बना सकते हैं.

सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव

स्मार्टफोन हमारी सुविधा के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचना, संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करना और समय-समय पर फोन की सिक्योरिटी सेटिंग्स चेक करना बेहद जरूरी है. थोड़ी सी लापरवाही आपकी निजी जिंदगी को किसी और के हाथों में सौंप सकती है. डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूक रहना ही सबसे बड़ा हथियार है.

ये भी पढ़ें- गलती से भी डायल न करें ये नंबर, वरना बैंक अकाउंट हो जाएगा खाली, सरकार ने दी चेतावनी, जानें बचने का तरीका