Bangladesh Kali Temple Blast: बांग्लादेश में राजनीतिक बदलाव के बावजूद अल्पसंख्यक समुदायों और उनके धार्मिक स्थलों पर हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. हाल ही में कोमिला जिले से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां शनिवार शाम पूजा के दौरान एक काली मंदिर में विस्फोट किया गया. इस हमले में मंदिर के पुजारी समेत तीन लोग घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार यह घटना कोमिला के बागनबाड़ी ठाकुरपाड़ा इलाके में स्थित कालीगाछ तला काली मंदिर में हुई. शनिवार शाम करीब 6:28 बजे मंदिर में साप्ताहिक शनि पूजा चल रही थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां मौजूद थे.
📍Cumilla, Chattogram Division, Bangladesh: CCTV footage shows a masked man entering the Kali Temple carrying a bag while several others stand nearby. He places the bag inside the temple and runs away. Moments later, a bomb explodes at the spot.pic.twitter.com/vTkUs9anCh
— Deadly Kalesh (@Deadlykalesh) March 8, 2026
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक नकाबपोश व्यक्ति हाथ में बैग लेकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ. उसने बैग को मंदिर के अंदर छोड़ दिया और तुरंत वहां से निकल गया. कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
पुजारी समेत तीन लोग घायल
विस्फोट में 48 वर्षीय मंदिर पुजारी केशव चक्रवर्ती घायल हो गए. इसके अलावा, हमलावरों ने भागते समय पास के एक बौद्ध मंदिर और एक निजी कार्यालय के सामने भी दो क्रूड बम फेंके. इन घटनाओं में अब्दुल बारेक और जिहाद नाम के दो अन्य लोग भी घायल बताए गए हैं.
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध
पुलिस के अनुसार मंदिर के सीसीटीवी कैमरों में हमलावर का चेहरा ढका हुआ नजर आ रहा है. फुटेज में यह भी देखा गया कि कुछ अन्य संदिग्ध लोग आसपास मौजूद थे. धमाके के समय मंदिर में काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिसके कारण अचानक हुए विस्फोट से वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
कोतवाली मॉडल थाना के प्रभारी मो. तौहीदुल अनवर ने बताया कि घायलों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया है. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
मंदिर समिति के अध्यक्ष सजल कुमार चंदा के अनुसार विस्फोट शाम करीब 6:30 बजे हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश जारी है.
ये भी पढ़ें- Delhi: उत्तम नगर हत्याकांड में 8 आरोपी गिरफ्तार, आरोपी निजामुद्दीन के घर पर गरजा बुलडोजर