Asim Munir News: पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर अब सिर्फ सेना की कमान ही नहीं संभालेंगे, बल्कि उन्हें एक नई जिम्मेदारी भी दी गई है. पाकिस्तान सरकार ने उन्हें देश में तेजी से बढ़ रही आबादी को नियंत्रित करने के लिए बनाई गई एक अहम समिति में शामिल किया है.
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश की सीनेट में स्वास्थ्य मंत्री सैयद मुस्तफा कमाल ने बताया कि पाकिस्तान की आबादी 25.9 करोड़ से ज्यादा हो चुकी है. इसी के साथ पाकिस्तान दुनिया का पांचवां सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया है. अनुमान है कि साल 2030 तक वह आबादी के मामले में इंडोनेशिया को भी पीछे छोड़ सकता है.
आबादी बढ़ना बना बड़ी चुनौती
आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए तेजी से बढ़ती आबादी बड़ी चिंता का विषय बन गई है. सरकार अब इसे राष्ट्रीय प्राथमिकता मान रही है. इसी वजह से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है, जिसमें सेना प्रमुख असीम मुनीर को भी शामिल किया गया है. यह समिति आबादी नियंत्रण से जुड़े फैसलों और नीतियों पर काम करेगी.
कई मोर्चों पर पहले से सक्रिय हैं मुनीर
असीम मुनीर पहले से ही कई अहम मामलों में भूमिका निभा रहे हैं. हाल के समय में उन्हें कूटनीतिक बैठकों और आर्थिक मुद्दों पर भी सक्रिय देखा गया है. इसके अलावा वह भारत को लेकर अपने बयानों की वजह से भी अक्सर चर्चा में रहते हैं. अब उनके जिम्मे जनसंख्या नियंत्रण जैसे बड़े मुद्दे की जिम्मेदारी भी आ गई है.
सोशल मीडिया पर बनने लगे मीम्स
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान बलूचिस्तान, अफगान सीमा और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है. ऐसे में सेना प्रमुख को आबादी नियंत्रण की जिम्मेदारी मिलने पर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने मजाक भी उड़ाया और इससे जुड़े मीम्स शेयर किए.
पाकिस्तान में आबादी तेजी से क्यों बढ़ रही है?
रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान में हर साल करीब 67 लाख बच्चों का जन्म होता है. विशेषज्ञों का मानना है कि परिवार नियोजन के साधनों की सीमित उपलब्धता और जागरूकता की कमी की वजह से देश में जनसंख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है. सरकार अब इस समस्या से निपटने के लिए नई रणनीति पर काम कर रही है.
ये भी पढ़ें- दो बदलाव, फिर भी नहीं दिखा कोई असर, 5वें टी20 मैच में टीम इंडिया के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड